विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मकान या दुकान खरीदने से पहले चेक कर सकेंगे डिजिटल कनेक्टिविटी, TRAI ने लॉन्च किया नया प्लेटफॉर्म

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:32 PM (IST)

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मकानों और दुकानों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग के लिए एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया ...और पढ़ें

मकान या दुकान खरीदने से पहले चेक कर सकेंगे डिजिटल कनेक्टिविटी (एआई फोटो)

मकान या दुकान खरीदने से पहले चेक कर सकेंगे डिजिटल कनेक्टिविटी (एआई फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अभी मकान या दुकान खरीदने या किराए पर लेने के दौरान सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट, पार्क, स्कूल, अस्पताल जैसी सुविधाएं देखी जाती है। लेकिन जल्द ही लोग यह भी देखने लगेंगे कि उस भवन में या उस दुकान में डिजिटल कनेक्टिविटी कितनी अच्छी है।

मतलब वहां इंटरनेट कितना अच्छा चलता है और मोबाइल फोन पर कितनी आसानी से बातचीत हो जाती है।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सभी प्रकार की प्रॉपर्टी की डिजिटल रेटिंग करने के लिए शुक्रवार को एक प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग प्लेटफॉर्म नामक इस एप पर डिजिटल कनेक्टिविटी करने वाली 23 एजेंसियां पंजीकृत हो चुकी है।

प्रॉपर्टी मालिक अपने प्रॉपर्टी की डिजिटल रेटिंग के लिए इस प्लेटफॉर्म पर आवेदन कर सकते हैं और फिर पंजीकृत एजेंसियों में से कोई एक उनकी रेटिंग करेगा। उसके बाद प्रॉपर्टी मालिक को डिजिटल रेटिंग का सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। फिर वह प्रॉपर्टी मालिक यह बता सकेगा कि उसकी प्रॉपर्टी की डिजिटल रेटिंग क्या है।

किराए लेने या खरीदने वाले ग्राहक भी उसकी जांच प्लेटफॉर्म पर जाकर कर सकेंगे। प्रॉपर्टी मालिक को डिजिटल रेटिंग कराने के बदले एक निश्चित रकम देनी होगी। रेटिंग का काम ट्राई की निगरानी में किया जाएगा और गलत रेटिंग करने वाली एजेंसी का पंजीयन रद किया जा सकता है।

ट्राई के चेयरमैन अनिल कुमार लोहाटी ने बताया कि प्रॉपर्टी की डिजिटल रेटिंग मुख्य रूप से इंटरनेट कनेक्शन और वायस कॉलिंग की होगी। डिजिटल रेटिंग के दौरान यह भी देखा जाएगा कि किसी भवन में किन-किन टेलीकॉम कंपनियों का कनेक्शन या नेटवर्क कितना अधिक काम करता है।

कई बार किसी भवन में किसी एक कंपनी के ग्राहक आसानी से बात कर पाते हैं तो उसी भवन में दूसरे कंपनी के ग्राहक को नेटवर्क नहीं मिलता है।

एक ऑफिस में दस लोग काम करते हैं और सभी के पास अलग-अलग कंपनियों का कनेक्शन होता है। डिजिटल रेटिंग के दौरान इन सभी चीजों को ध्यान में रखा जाएगा।

लोहाटी ने यह भी कहा कि जिन प्रॉपर्टी की डिजिटल रेटिंग जितनी अधिक होगी, भविष्य में उनकी कीमत अधिक होगी।