Move to Jagran APP

नई दुनिया फोरम: योगी बोले- विश्व में हिंदू शब्द गर्व का बोधक

योगी ने हिंदू शब्द पर जोर देते हुए कहा कि भारत ही नहीं, विश्व में हिंदू शब्द गर्व का बोधक है जबकि पाकि शब्द को गाली माना जाता है। ने

By Manish NegiEdited By: Published: Mon, 13 Nov 2017 07:27 PM (IST)Updated: Mon, 13 Nov 2017 07:27 PM (IST)
नई दुनिया फोरम: योगी बोले- विश्व में हिंदू शब्द गर्व का बोधक
नई दुनिया फोरम: योगी बोले- विश्व में हिंदू शब्द गर्व का बोधक

रायपुर, नई दुनिया प्रतिनिधि। इतिहास को लेकर उठते रहे सवालों और विवादों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साफ मानना है कि इतिहास या उसके तथ्यों से कोई छेड़छाड़ राष्ट्रद्रोह से कम नहीं।

loksabha election banner

यूपी के मुख्यमंत्री योगी सोमवार को नई दुनिया के फोरम कल आज और कल में आमंत्रित जन के बीच अपनी बात रख रहे थे। जाहिर तौर पर यह छत्तीसगढ़ समेत दूसरे छोटे राज्यों के अतीत और भविष्य को लेकर चर्चा का मंच था। इस मौके पर काफी टेबल बुक -छत्तीसगढ़, विकास की एक सफल गाथा, का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, जागरण प्रकाशन समूह के प्रधान संपादक व सीईओ संजय गुप्त, निदेशक देवेश गुप्त, वरिष्ठ कार्यकारी संपादक प्रशांत मिश्र, नई दुनिया के सीईओ संजय शुक्ल व नई दुनिया छत्तीसगढ़ के राज्य संपादक आलोक मिश्र, ने विमोचन किया।

इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन संबोधन में इसी मंच से उन लोगों को संदेश दिया जो भारतीय इतिहास के कुछ पहलुओं पर ऊंगली उठाते हैं। योगी ने हिंदू शब्द पर जोर देते हुए कहा कि भारत ही नहीं, विश्व में हिंदू शब्द गर्व का बोधक है जबकि पाकि शब्द को गाली माना जाता है। नेपाल, भूटान, कंबोडिया और यूरोप में हिंदू शब्द भारतीयता की पहचान है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आश्चर्य का विषय है कि जिस हिंदू शब्द को विश्व में मान्यता मिल रही है, भारत में कुछ लोगों को उसी हिंदू शब्द से चिढ़ होती है।

योगी आदित्यनाथ ने बड़े राज्य बनाम छोटे राज्य विषय पर कहा कि अतीत से भटका व्यक्ति, राष्ट्र और समाज त्रिशंकु की तरह कभी लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाता। योगी ने स्वामी विवेकानंद के उस वचन को याद किया जिसमें उन्होंने कहा था कि जो जाति, धर्म और राष्ट्र अपने महापुस्र्षों पर गौरव की अनुभूति नहीं करते, उनका भविष्य कभी भी मजबूत नहीं हो सकता।

छत्तीसगढ़ के निर्माण पर योगी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने तीन छोटे राज्यों का निर्माण किया। राजनीतिक स्थिरता के कारण छत्तीसगढ़ अन्य राज्यों के विकास की तुलना में कहीं आगे है। कई मामलों में छत्तीसगढ़ ने नजीर पेश की है। मुख्यमंत्री रमन सिंह की तारीफ करते हुए योगी ने कहा कि राजनीतिक स्थिरता, एक पार्टी की सरकार और एक व्यक्ति के नेतृत्व का परिणाम प्रदेश के विकास में दिख रहा है। योगी ने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी, सरप्लस बिजली का भी जिक्र किया।

'आजादी के बाद नारे बहुत आए लेकिन हकीकत नहीं बदली'

योगी ने कहा कि आजादी के बाद की सबसे बड़ी त्रासदी यह रही कि नारे तो बहुत दिए गए लेकिन हकीकत में कोई बदलाव नहीं आया। पिछले 70 साल में देश के लोकतंत्र और विकास ने कई उतार चढ़ाव देखे लेकिन पिछले तीन साल में मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की बड़ी आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित होने की ओर अग्रसर है। योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत के देसी उत्पादों और गांव के परंपरागत पेशों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया। परंपरागत चीजों को पहचान देने का काम किया है। मोदी सरकार ने युवा, एसटी, एससी और महिलाओं के लिए कारोबार का मंच दिया।

'यूपी में जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति पर हुआ प्रहार'

योगी ने कहा कि उनकी सरकार बनने से पहले उत्तर प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं की स्थिति बदहाल थी। प्रदेश परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति के चंगुल में फंसा था। ट्रांसफर, पोस्टिंग एक कारोबार हो गया था। सत्ता के संरक्षण में दंगे हो रहे थे। अपराधियों का महिमामंडन हो रहा था। सबसे बड़ा प्रदेश घोर निराशा के दौर से जूझ रहा था। गांव, गरीब और किसान सरकार के एजेंडे से बाहर थे।

योगी ने कहा कि सात महीने के कार्यकाल में जातिवाद और परिवारवाद को राजनीति से तोड़ने का काम किया गया। हमारी सरकार ने तय किया कि किसानों की उपज का सही दाम देकर उनके चेहरों पर खुशहाली लाई जाए। प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाएं लागू नहीं हो पाती थीं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश या फिर एनजीटी के निर्देशों तक का पालन नहीं होता था, अब सात महीने में इसमें बदलाव दिखने लगा है।

'राम की कृपा थी कि उत्तर प्रदेश में मिली सफलता'

योगी ने कहा कि रायपुर भगवान राम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने से पहले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुआ। भगवान राम की ही कृपा थी कि उत्तर प्रदेश में सफलतापूर्वक आगे बढ़े। यहां के राम मंदिर से आगे की राह निकलेगी और आप सभी की भावनाओं के अनुरूप ही आगे जो होगा, अच्छा ही होगा।

'मीडिया की सकारात्मक भूमिका से आएगा बदलाव'

योगी आदित्यनाथ ने नई दुनिया-जागरण परिवार की तरीफ करते हुए कहा कि विकास में मीडिया की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है। समाज बदलने में मीडिया की भूमिका होती है। शासन के विपरीत अगर मीडिया हो तो भ्रम की स्थिति पैदा होती है। मीडिया की सकारात्मक भूमिका से ही योजनाएं सफल होंगी और विकास होगा।

यह भी पढ़ें: नईदुनिया फोरम: सीएम रमन सिंह बोले- बस्तर में सड़क दुनिया की सबसे बड़ी चुनौती


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.