117 साल के सबसे गर्म समय में शुमार रहा वर्ष 2018, जानें कितनों की हुई मौसमी बीमारियों से मौत
2018 का औसत तापमान सामान्य से ऊपर रहा। इस दौरान जनवरी-फरवरी के महीनों में तापमान 0.59 डिग्री सेल्सियस बढ़ा रहा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। बीता वर्ष 2018 बहुत ज्यादा गर्म रहा। मौसम से पैदा होने वाली बीमारियों से इस साल कुल 1,428 लोगों की मौत हुई। सन 1901 के बाद यह छठा सबसे गर्म साल रहा। यह जानकारी उच्च सरकारी सूत्र ने दी है।
मौसम विभाग के बयान में कहा गया है कि 2018 का औसत तापमान सामान्य से ऊपर रहा। इस दौरान जनवरी-फरवरी के महीनों में तापमान 0.59 डिग्री सेल्सियस बढ़ा रहा। इस लिहाज से यह 1901 के बाद पांचवें सबसे कम ठंडे महीने रहे। इसी प्रकार से मार्च से मई तक का समय भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहा। वह 117 साल के दौर में तुलनात्मक रूप से सातवें सबसे गर्म महीने रहे।
मौसम विभाग के अनुसार इस बढ़े तापमान की वजह ग्लोबल वार्मिग रही। इससे पहले 117 साल के पांच सबसे गर्म वर्ष 2016, 2009, 2017, 2010 और 2015 रहे। सबसे ज्यादा गर्म 2016 रहा। मौसम विभाग के अनुसार देश में पिछले 15 वर्षो में 11 वर्ष सबसे ज्यादा गर्म समय में शामिल रहे। इसके चलते बीमारियां बढ़ रही हैं और उनके प्रभाव से मरने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।