महिलाओं के अश्लील पोस्ट पर एक्स ने गलती मानी, कहा- 'भारत के कानून के हिसाब से काम करेंगे'
सरकार की आपत्ति के बाद एक्स ने महिलाओं से संबंधित 3500 अश्लील पोस्ट हटाए और 600 से अधिक खाते बंद ...और पढ़ें

अश्लील हरकतें करने का कंटेंट पोस्ट किया जा रहा था

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकार की आपत्तियों के बाद इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने महिलाओं के अश्लील पोस्ट के मामले में अपनी गलती मानते हुए 3500 कंटेंट को हटा दिया है। इस प्रकार के कंटेंट का सृजन करने वाले 600 से अधिक खातों को बंद भी कर दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्रालय की तरफ से महिलाओं के अश्लील कंटेंट को लेकर आपत्ति उठाई गई थी और एक्स को 72 घंटे के भीतर इन कंटेंट को हटाते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया था।
मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क के प्लेटफार्म एक्स ने इस मामले में अपनी गलती मानते हुए इस बात का आश्वासन दिया है कि भारत में एक्स यहां के कानून के हिसाब से काम करेगा। मंत्रालय ने अश्लील पोस्ट के नहीं हटाने पर आईटी एक्ट के तहत प्लेटफार्म के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
अश्लील हरकतें करने का कंटेंट पोस्ट किया जा रहा था
एक्स के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल ग्रोक व अन्य माध्यमों से महिलाओं की तस्वीर को डालकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने का कंटेंट पोस्ट किया जा रहा था। इस मामले में शिवसेना यूबीटी की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी।
एआई टूल के माध्यम से एक्स पर पोस्ट की गई आम महिला की तस्वीरों के साथ इस प्रकार के छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे थे। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि एक्स ने अपनी गलती तो मान ली है और भविष्य में भारत के कानून के हिसाब से प्लेटफार्म के संचालन का भरोसा भी दिया है, लेकिन इस प्रकार के मामले में और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
मंत्रालय कार्रवाई से बहुत संतुष्ट नहीं है। मंत्रालय ने एक्स को एआई से बनाए गए कंटेंट के गलत इस्तेमाल पर स्वत: रोक लगाने के लिए टेक्निकल टूल की तैनाती के साथ उन सभी के खातों को समाप्त करने के लिए कहा है। कुछ दिन पहले एक्स प्लेटफार्म पर अश्लील वीडियो के भी मामले सामने आए थे।सरकार की तरफ से भारत में किसी भी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों से जुड़े अश्लील कंटेंट को चलाने की सख्त मनाही है।
