World Bicycle Day 2020: आपकी फिटनेस को देगी रफ्तार, साइकिल चलाइए; इम्युनिटी बढ़ाइए
World Bicycle Day 2020 3 जून को विश्व साइकिल दिवस है। इस दिन आप खुद और पर्यावरण को स्वस्थ रखने की एक नई शुरुआत कर सकते हैं।
नई दिल्ली। World Bicycle Day 2020: कोरोना ने पर्यावरण की अहमियत का अहसास करा दिया है। वहीं सेहत को लेकर सतर्क कर दिया है। एक संसाधन ऐसा भी है जिसके प्रयोग से आप भी स्वस्थ रहेंगे और प्रकृति भी खुश रहेगी। 3 जून को विश्व साइकिल दिवस है। इस दिन आप खुद और पर्यावरण को स्वस्थ रखने की एक नई शुरुआत कर सकते हैं। तमाम अध्ययनों के मुताबिक साइकिल के प्रतिदिन प्रयोग से रक्त संचार अच्छा होता है, इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। साथ ही दिमाग में हेल्प हार्मोंस बनने लगते हैं, इससे तनाव दूर होता है।
कब हुई शुरुआत : संयुक्त राष्ट्र की ओर से पहली बार आधिकारिक विश्व साइकिल दिवस 3 जून, 2018 को मनाया गया था। यह दिवस स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से साधनों को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। इससे देशों को कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में सहायता मिलेती। इस दिवस का उद्देश्य दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को लोकप्रिय बनाना है।
मसल्स बनाने में मददगार : साइकिल चलाने के दौरान पैरों की अच्छी कसरत तो होती ही है, साथ ही मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं। मसल्स बनाने के लिए साइकिलिंग पुश अप्स से किसी भी मायने में कम नहीं है।
स्टैमिना बढ़ाएं : रोज साइकिलिंग करने से शरीर के प्रतिरोधी तंत्र को मजबूती मिलती है जिससे स्टैमिना लंबे समय तक बरकरार रहता है। साथ ही, यह रोगों से लड़ने में भी मददगार होता है।
वजन घटाने में मददगार : कई शोधों में अब यह प्रमाणित हो चुका है कि नियमित रूप से साइकिलिंग जैसी एक्सरसाइज से शरीर में कैलोरी और फैट कम करने में मदद मिलती है जिससे फिगर स्लिम रहता है और वजन नहीं बढ़ता।
फेफड़ों को मजबूती दें : साइकिलिंग करते समय आप सामान्य की तुलना में गहरी सांसें लेते हैं और ज्यादा मात्रा में ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं। जिसके कारण शरीर में रक्त संचार भी बढ़ जाता है, साथ ही फेफड़ों के अंदर तेजी से हवा अंदर और बाहर होती है। इससे फेफड़ों की क्षमता में भी सुधार होता है और फेफड़ों में मजबूती आती है।
साइकिल चलाने के फायदे :
- साइकिल चलाने से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं
- हृदय में रक्त का संचार होता है जिससे हृदयरोगी स्वस्थ रहते हैं
- इससे रक्त कोशिकाएं और त्वचा में ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा पहुंचती है
- मस्तिष्क में नई कोशिकाएं बनती हैं, इससे मानसिक क्षमता मजबूत होती है
- रोज साइकिलिंग से पूरे शरीर की कसरत होती है, इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं
- रोज साइकिल चलाने से शरीर की अतिरिक्त कैलोरी बर्न होती है, इससे मोटापा नहीं बढ़ता
देश-विदेश में प्रयोग को लेकर पहल
- साइकिल खरीदने पर टैक्स में भारी छूट दी जाती है।
- इंग्लैंड और बेल्जियम की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग साइकिल का इस्तेमाल करते हैं
- नीदरलैंड में साइकिल से ऑफिस जाने पर कई कंपनियों की ओर से अलग से पैसे दिए जाते हैं
- एम्स्टर्डम शहर के रिंग रोड और लेन साइकिल वालों के लिए विस्तृत नेटवर्क से लैस है। यह कल्चर सभी डच शहरों में है
- यूरोप के कई देशों में भी ‘साइकिल टू वर्क स्कीम’ लागू है। यह ऑफिस के लिए साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए है
- फ्रांस की राजधानी पेरिस को 2020 तक दुनिया भर की साइकिलिंग राजधानी बनाने के लिए 1.5 करोड़ यूरो की योजना बनाई गई।