विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर के फर्श के नीचे दफन था राज: मध्य प्रदेश में महिला ने पति को उतारा मौत के घाट, बेडरूम में गड्ढा खोदकर गाड़ा शव

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:53 AM (IST)

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद शव जलाकर कमरे के अंदर ही ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश में महिला ने पति को उतारा मौत के घाट, बेडरूम में गड्ढा खोदकर गाड़ा शव (सांकेतिक तस्वीर)

मध्य प्रदेश में महिला ने पति को उतारा मौत के घाट, बेडरूम में गड्ढा खोदकर गाड़ा शव (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. चरित्र पर संदेह करता था पति, महिला ने मारकर शव कमरे में दफनाया

  2. मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की घटना, बेटे के घर लौटने पर हुआ राजफाश

  3. आरोपित महिला ने हत्या के बाद शव जलाने का किया था प्रयास, अवशेष बरामद

जेएनएन, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद शव जलाकर कमरे के अंदर ही रखे गए बालू में दफना दिया।

17 दिन से लापता व्यक्ति के शव के अवशेष बरामद कर पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अनुसार, पति उसके चरित्र पर संदेह किया करता था। इस कारण विवाद में उसने लाठी से सिर पर वार करके पति की हत्या कर दी।

घटना उदयगढ़ थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाके की है। पिता के लापता होने की सूचना पर गुजरात के राजकोट में रहने वाला उसका बेटा गुरुवार को घर लौटा तो उसे हत्यारोपित मां की बातों से संदेह हुआ।

हालांकि, वह पहले तो वारदात की बात छुपाती रही लेकिन जब बेटे ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना के बारे में बता दिया। घर के पीछे बने कमरे से बालू को हटाया गया तो वहां से अधजले शव के अवशेष बरामद हुए।

पुलिस ने बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को जलाने का प्रयास किया। पूरी तरह नहीं जला तो उसे छुपा दिया।

मृतक के पहचान पत्र, फोटो और अन्य दस्तावेज भी जला दिए। पुलिस ने बरामद शव के अवशेषों का इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय एवं मेडिकल कालेज में विशेषज्ञ टीम से परीक्षण कराया। थाना प्रभारी बृजभूषण हिरवे ने बताया कि जांच में पाया गया है कि इस घटना में महिला के अलावा कोई और शामिल नहीं था।