हनी ट्रैप मामले में खुलासा, महिला ने तीन नेताओं से की 25 करोड़ की उगाही
पुलिस को महिला से पूछताछ में पता चला है कि वह लोकसभा की वेबसाइट से उम्रदराज सांसदों व पूर्व सांसदों के फोन नंबर हासिल करती थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। गुजरात के वलसाड से भाजपा के सांसद डॉ. केसी पटेल को हनी ट्रैप में फंसाकर पांच करोड़ रुपये की मांग करने के मामले में आरोपी महिला से पूछताछ में पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी मिली हैं। अब तक वह तीन नेताओं को हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर उनसे करीब 25 करोड़ रुपये की उगाही कर चुकी है। पुलिस को शक है कि उसने और कई नेताओं व बिजनेसमैन को भी अपना शिकार बनाया है। जल्द ही उनके नाम का पता चल जाएगा, इसके बाद उनसे संपर्क किया जाएगा।
पुलिस को महिला से पूछताछ में पता चला है कि वह लोकसभा की वेबसाइट से उम्रदराज सांसदों व पूर्व सांसदों के फोन नंबर हासिल करती थी। इसके बाद फोन पर बात कर किसी काम का बहाना बना उनसे मिलने के लिए समय मांगती थी। जल्द मेलजोल बढ़ाने के बाद वह किसी बहाने सांसदों को इंदिरापुरम स्थित अपने फ्लैट पर बुलाती थी। उसने अपने कमरे में खुफिया कैमरे लगा रखे थे। सांसदों को नशीला पदार्थ मिला शीतलपेय या चाय पिलाने के बाद वह उनके साथ अश्लील वीडियो बना लेती थी, फिर खुद उनको घर तक छोड़कर आती थी।
पुलिस को शक है कि आरोपी महिला या तो किसी गिरोह से जुड़ी है या खुद गिरोह संचालित करती है। उससे एक युवती समेत 6 लोगों के जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस को शक है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के बदमाश भी इस हनी ट्रैप में शामिल हो सकते हैं।
डिग्रियों की भी जांच करेगी पुलिस
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली 30 वर्षीय आरोपी महिला पांच साल पहले राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी करने दिल्ली आई थी। उसके पास एमए (अंग्रेजी), एमए (राजनीतिक विज्ञान), एलएलबी व एलएलएम की डिग्री है। पुलिस ने जब उसे अंग्रेजी में कुछ लिखने के लिए कहा तो वह नहीं लिख पाई। ऐसे में पुलिस को शक है कि वह अधिक पढ़ी-लिखी नहीं है। पुलिस उसकी सभी डिग्रियों की जांच करेगी। सभी डिग्री उसने मुजफ्फरनगर से हासिल की है।
साथ लेकर चलती थी खुफिया कैमरे
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला अपने साथ 3-4 खुफिया कैमरे लेकर चलती थी। उसके चश्मे व पेन में कैमरे होते थे। उसकी निशानदेही पर इंदिरापुरम स्थित उसके घर से कुछ सीडी व ऑडियो क्लिप बरामद की गई है।
अपने फेसबुक पेज पर लगा रखी है कल्याण सिंह के साथ फोटो
आरोपी महिला ने अपने फेसबुक पेज पर वरिष्ठ भाजपा नेता व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के साथ खींची हुई कई तस्वीरें लगा रखी हैं। पुलिस पता लगाएगी कि यह उन्हें कैसे जानती है। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी महिला की दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के कई भाजपा नेताओं से अच्छी जान पहचान है। पुलिस उसके फेसबुक प्रोफाइल व मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कर उनके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह संगठित गिरोह है। इस गिरोह के निशाने पर हाईप्रोफाइल लोग होते थे। पुलिस गिरोह के सभी सदस्यों की पहचान कर उन्हें दबोचने में जुट गई है। अबतक तीन सांसदों से उगाही करने की बात सामने आई है। अगर इस महिला को नहीं पकड़ा जाता तो कई और सांसद उसका शिकार बन सकते थे।
मुकेश कुमार मीणा, विशेष आयुक्त, दिल्ली पुलिस
भाजपा नेता हरक सिंह रावत पर भी दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस
भाजपा सांसद डॉ. केसी पटेल को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे उगाही करने की कोशिश में गिरफ्तार हुई महिला हरियाणा से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शादीलाल बत्रा व उत्तराखंड के भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। दोनों ही मामले में बाद में वह अदालत में अपने बयान से पलट गई थी और केस वापस ले लिया था। 2014 में महिला ने रावत के खिलाफ सफदरजंग थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।
यह भी पढ़ें: हनी ट्रैप की आरोपी महिला गिरफ्तार, BJP सांसद को ब्लैकमेल करने का आरोप