कांग्रेस के बिना गैर भाजपा गठबंधन संभव नहींः चव्हाण
एनसीपी नेता शरद पवार की टिप्पणी पर पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा बिना कांग्रेस के गैर भाजपा का कोई भी गठबंधन नहीं बन सकता।
पुणे, प्रेट्र। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने राकांपा प्रमुख शरद पवार के नीतीश कुमार को गैर भाजपा गठबंधन का सबसे विश्वसनीय चेहरा बताए जाने पर प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बगैर ऐसा कोई मोर्चा संभव नहीं है।
कांग्रेस नेता के मुताबिक, यह सच है कि सरकार विरोधी माहौल बन रहा है और लोग मोदी सरकार से ऊब गए हैं। लेकिन यह समझना चाहिए कि मौजूदा समय में भाजपा और कांग्रेस दो बड़े दल हैं। ऐसे में कोई भी गठबंधन इनके बिना संभव नहीं हो सकता। पवार की पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर महाराष्ट्र में 15 वर्षों सरकार में रही।
यह भी पढ़ें - पूर्व कांग्रेसियों के चक्रव्यूह में फंसे हैं पृथ्वीराज चव्हाण
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने आइपीएल के मामले में मजबूत रुख नहीं अपनाने पर महाराष्ट्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, क्या आप हरी घास पर खेलने को लेकर फुटबॉल या हरी घास पर होने वाली शादी समारोह पर प्रतिबंध लगाएंगे। अगर ऐसा हुआ तो लॉन विरोधी पुलिस की तैनाती करनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें - सनातन संस्था प्रतिबंधित न करने पर पृथ्वीराज चव्हाण और शिंदे भिड़े
चव्हाण ने पानी के संकट के लिए महाराष्ट्र की निंदा करते हुए कहा कि कमजोर मानसून की जानकारी के बावजूद पहले से उपाय नहीं किए गए। पृथक विदर्भ की मांग पर चव्हाण ने कहा कि इससे लोगों की हालत सुधरती है तो ऐसा किया जाए। लेकिन कुछ लोग मुख्यमंत्री बनने के लिए राजनीतिक उद्देश्य से ऐसी मांग कर रहे हैं।