आखिर सलमान के पिता ने क्यों कहा कि उनका बेटा स्पोर्ट्स मैन रहा है !
अभिनेता सलमान खान को आगामी रियो ओलंपिक के लिए भारतीय दल का गुडविल एंबेसडर नियुक्त करने को उनके पिता सलीम खान ने सही ठहराते हुए इसका विरोध करने वालों को आड़े हाथ लिया।
नई दिल्ली, प्रेट्र । अभिनेता सलमान खान को आगामी रियो ओलंपिक के लिए भारतीय दल का गुडविल एंबेसडर नियुक्त करने को उनके पिता सलीम खान ने सही ठहराते हुए इसका विरोध करने वालों को आड़े हाथ लिया।
80 वर्षीय पटकथा लेखक सलीम ने ट्विटर पर लिखा, 'सलमान ने भले ही प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लिया हो लेकिन वह 'ए' श्रेणी का तैराक, साइकिलिस्ट और भारोत्तोलक है। खिलाड़ी हम जैसे खेल प्रेमियों के कारण ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।' उन्होंने इसके अलावा मिल्खा सिंह पर भी तंज कसा। सलीम ने लिखा, 'मिल्खा जी यह बॉलीवुड नहीं है, यह भारतीय फिल्म इंडस्ट्री है और वह भी दुनिया में सबसे बड़ी है। यह वही इंडस्ट्री है जिसने आपको गुमनामी में जाने से बचाया।'
भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने कहा कि सलमान की लोकप्रियता का इस्तेमाल एक अच्छे मकसद के लिए किया जा रहा है। वहीं, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि उन्हें इसमें कुछ गलत नजर नहीं आता। पूर्व हॉकी गोलकीपर देवेश चौहान ने इस कदम को सही बताया। उन्होंने कहा कि सलमान की लोकप्रियता का फायदा खेलों को मिलेगा। परंतु सलमान खान के साथ किसी भी बड़े खिलाड़ी को भी एंबेसडर बनाया जाता तो और बेहतर होता। एक अन्य हॉकी खिलाड़ी रजनीश मिश्रा ने भी इस कदम का स्वागत किया है।
इस बीच क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा, 'देश में असली खिलाडि़यों की कोई कमी नहीं है। इस देश के लोगों ने बड़ी चीजें की हैं। अभिनव बिंद्रा या किसी और को अगर गुडविल एंबेसडर बनाया जाता तो मुझे अधिक खुशी होती।' हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने भी फैसले से असहमति जताई। उन्होंने कहा कि कोई 'फिल्मी हीरो' देश के लिए मेडल नहीं लाएगा। विज ने कहा कि योगेश्वर दत्त को एंबेसेडर बनाया जाना चाहिए।