Move to Jagran APP

राम मनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह में थीं कई समानताएं

23 मार्च, 1931 को सात बजकर 33 मिनट पर भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया था, इसी तिथि को 1910 में राममनोहर लोहिया ने गांधीवादी हीरालाल और चंदा देवी के घर में जन्म लिया था।

By Kamal VermaEdited By: Published: Fri, 23 Mar 2018 11:11 AM (IST)Updated: Fri, 23 Mar 2018 05:52 PM (IST)
राम मनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह में थीं कई समानताएं
राम मनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह में थीं कई समानताएं

नई दिल्ली [दीपक मिश्र]। 23 मार्च, 1931 को सात बजकर 33 मिनट पर हंिदूुस्तान रिपब्लिकन सोशलिस्ट एसोसिएशन के सूत्रधार भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को त्याग दिया था, इसी तिथि को 1910 में क्रांतिधर्मी व चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया ने गांधीवादी हीरालाल और चंदा देवी के घर जन्म लिया था। इन दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व, कार्य-प्रणाली, सोच एवं जीवन-दर्शन में कई समानताएं दृष्टिगत हैं। दोनों का सैद्धांतिक लक्ष्य एक ऐसे शोषणविहीन, समतामूलक समाजवादी समाज की स्थापना का था जिसमें कोई व्यक्ति किसी का शोषण न कर सके और किसी प्रकार का अप्राकृतिक अथवा अमानवीय विभेद न हो। लोहिया, भगत सिंह को अपना आदर्श मानते थे, जब उन्हें फांसी हुई तो लोहिया ने इसका प्रतिकार लीग ऑफ नेशन्स की जेनेवा बैठक के दौरान सत्याग्रह कर किया था। भगत की शहादत के कारण ही लोहिया 23 मार्च को अपना जन्मदिन मनाने से अनुयायियों को मना करते थे।

prime article banner

पुस्तकों के प्रेमी

भगत सिंह व लोहिया दोनों मूलत: चिंतनशील और पुस्तकों के प्रेमी थे। भगत सिंह ने जहां चंदशेखर आजाद की अगुआई में हिंदुस्तान रिपब्लिकन सोशलिस्ट एसोसिएशन का गठन किया था, वहीं लोहिया 1934 में गठित कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के सूत्रधार बने। दोनों ने समाजवाद की व्याख्या स्वयं को प्रतिबद्ध समाजवादी घोषित करते हुए किया। दोनों अपने विचारों को लोगों तक पहुंचाने के लिए छोटी पुस्तिकाओं, पर्चे, परिपत्रों एवं अखबारों में लेखों के प्रकाशन का प्रयोग करते थे। भगत सिंह ने कुछ समय पत्रकारिता भी की। वे लाहौर से निकलने वाली पत्रिका दि पीपुल, कीरती, प्रताप, मतवाला, महारथी, चांद जैसी पत्र पत्रिकाओं से जुड़े रहे। इन्हीं के नक्शे कदम पर चलते हुए लोहिया ने भी जनमत बनाने के लिए कांग्रेस सोशलिस्ट, कृषक, इंकलाब जन, ‘चैखंभाराज’ और ‘मैनकाइंड’ जैसी पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन व संपादन किया।

दोनों में समानता

भगत सिंह ने आत्मकथा, समाजवादी का आदर्श, भारत में क्रांतिकारी आंदोलन, मृत्यु के द्वार पर जैसी पुस्तकें लिखीं तो लोहिया ने इतिहास-चक्र, अर्थशास्त्र-मार्क्‍स के आगे, भारत में समाजवादी आंदोलन, ‘भारत विभाजन के अपराधी’ जैसी अनेक पुस्तकों को लिखकर भारतीय मन को मजबूत किया। दोनों के प्रिय लेखकों की सूची भी यदि बनाई जाए तो बर्टेड रसल, हालकेन, टालस्टॉय, विक्टर, ह्यूगो, जॉर्ज बनार्ड शॉ व बुखारिन जैसे नाम दोनों की सूची में मिलेंगे। भगत सिंह व लोहिया दोनों को गंगा से विशेष लगाव था। शिव वर्मा ने लिखा है कि पढ़ाई-लिखाई से तबीयत ऊबने पर भगत सिंह अक्सर छात्रवास के पीछे बहने वाली गंगा नदी के किनारे जाकर घंटों बैठा करते थे, लोहिया ने अपने जीवन का बहुत समय गंगा तट पर बिताया है। लोकबंधु राजनारायण के अनुसार जब लोहिया गंगा की गोद में जाते थे तो सब कुछ भूल जाते थे।

दोनों अपने को नास्तिक कहते थे

दोनों अपने को नास्तिक कहते थे, लेकिन अपनी बातों को जनमानस तक पहुंचाने के लिए धार्मिक तथा पौराणिक नायकों एवं इनसे जुड़े कथानकों का जमकर इस्तेमाल करते थे। दोनों की अंग्रेजी बहुत अच्छी थी। दोनों कोमल और कवि हृदय भी थे, नाटक एवं सिनेमा के शौकीन थे। नारी के प्रति दोनों के विचार एक जैसे थे। भगत सिंह ने अपने लेखों में नारी को सामाजिक तथा क्रांतिकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की तो लोहिया न ‘सीताराम राज्य’ व ‘पंचम वर्ण’ की अवधारणा देते हुए सत्याग्रहों में नारियों को नेतृत्व देने की खुली पैरवी की है। दोनों साम्राज्यवाद के घोर विरोधी थी। 1942 से लेकर 1944 के मध्य भूमिगत जीवन के दौरान लोहिया ने आजाद दस्ता का गठन किया और स्वतंत्रता की लड़ाई के लिए उसी गोरिल्ला नीति का अनुसरण किया, जिसके लिए भगत सिंह का नाम भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।1दोनों जीवन-र्पयत अविवाहित और फक्कड़ रहे।

शादी से बचने की कवायद

जब भगत सिंह के पिता ने भगत सिंह की शादी तय करने की बात कही तो भगत सिंह भागकर बनारस चले गए और लोहिया जी को देखने जब भी वधू पक्ष के लोग आते थे तो वे चश्मा उतारकर अंधे होने का नाटक करते थे और लड़की के पिता स्वयं ही शादी से मुकर जाते थे। जिस जेल में भगत सिंह को ब्रिटिश हुकूमत ने रखा था उसी कारागार में लोहिया भी रखे गए थे। दोनों को प्रताड़ित करने वाले अधिकांश अधिकारी एक ही थे। दोनों की सोच ही नहीं, बल्कि दोनों के दुर्भाग्य भी एक जैसे थे। दोनों अपने पिता से बहुत प्यार करते थे, पर अपने पिता का अंतिम संस्कार नहीं कर पाए। भगत सिंह के पिता का देहांत उनके फांसी लगने के बाद हुआ और लोहिया के पिता का जब देहांत हुआ तब लोहिया जेल में थे और अपने पिता को अंतिम प्रणाम करने नहीं आ पाए। दोनों भारतीय भाषाओं को प्रबल समर्थक थे। दोनों सांप्रदायिकता को गुलामी के बराबर ही खतरनाक और त्याज्य मानते थे।

महात्मा गांधी का करते थे सम्मान 

दोनों महात्मा गांधी का बेहद सम्मान करते थे, लेकिन जब भी उन्हें गांधीजी की कोई बात बुरी लगी तो खुलकर खंडन किया और प्रतिकार स्वरूप लेख लिखे। दोनों अन्याय पर आधारित व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन के हिमायती थे। वर्ण एवं नस्ल-भेद के विरुद्ध लाहिया ने अमेरिका में जमकर सत्याग्रह किया, उसके इस सत्याग्रह के पीछे वही वैचारिक पृष्ठभूमि है जो भगत सिंह के लेख ‘विश्व-प्रेम’ में प्रतिबिंबित होता है, जिसमें शहीद-ए-आजम ने ऐसे अमेरिकी समाज की परिकल्पना की है, जिसमें अश्वेतों को काई जला न सके। अनैसर्गिक व अमानवीय विभेद की इन्हीं दीवारों को गिराने तथा मानसिक खाई को पाटने के लिए लोहिया भी सदैव संघर्षरत रहे। वे एक ऐसी दुनिया के स्वप्नद्रष्टा थे, जिसमें पासपोर्ट की आवश्यकता न हो, उन्मुक्त आवागमन हो। इस प्रकार स्पष्ट है कि भगत सिंह और लोहिया में काफी समानताएं थीं। एक ही कालखंड में जन्म लेने और समवय होने के कारण भी समानता स्वाभाविक है। दोनों ने समाजवाद का सपना देखा, इस सपने को पूरा करने के लिए समाजवादी शीर्षक से संगठन बनाए और जीवन-र्पयत मानवता की सेवा करते हुए अनंत यात्रा पर चले गए।

(समाजवादी चिंतक एवं बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष)

निर्भीक और बेबाक लोहिया ने नेहरू के रोजाना खर्चे पर उठाए थे सवाल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.