नौकरी से निकालने पर भड़का गुस्सा: नौकर ने नागपुर के गैराज में खड़ी 22 बाइकों को फूंक डाला, CCTV में कैद हुई करतूत
महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नौकरी से निकाले जाने से नाराज ...और पढ़ें

नौकर ने नागपुर के गैराज में खड़ी 22 बाइकों को फूंक डाला
HighLights
मालिक के गैराज में खड़ी 22 बाइकों को आग के हवाले कर दिया
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक कर्मचारी ने अपने ही मालिक के गैराज में खड़ी 22 बाइकों को आग के हवाले कर दिया। यह पूरी घटना नागपुर के सान्याल नगर स्थित देवेश होंडा गैराज में बीती रात घटित हुई।
आग की चपेट में आए कई वाहन, भारी नुकसान की आशंका
जानकारी के मुताबिक, गैराज संचालक ने हाल ही में आरोपी कर्मचारी को काम से निकाल दिया था। इस बात से वह इस कदर नाराज हुआ कि उसने बदला लेने की नीयत से देर रात गैराज पर धावा बोल दिया।
उसने वहां मरम्मत और सर्विसिंग के लिए खड़ी करीब 22 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी चपेट में आने से कई वाहन बुरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे गैराज मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
इस सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी कर्मचारी साफ तौर पर गैराज के भीतर आगजनी की घटना को अंजाम देता हुआ नजर आ रहा है।
गैराज से लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही कपिल नगर पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और गहन पूछताछ के बाद ही आगजनी की इस घटना में हुए कुल नुकसान का सटीक आकलन और पूरी वजह स्पष्ट हो पाएगी।
