Weather Updates: पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का हाल, देश के कई हिस्सों पर भारी बारिश के हैं आसार
Weather Updates देश के कई राज्यों में तेज हवाएं चलने बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। ओडिशा के माध्यम भागों में भी हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी ने मौसम पूरी तरह बदल दिया है। ऐसे में मार्च में जब होली आने को है तब भी पहाड़ी क्षेत्रों में दिसंबर के जैसा ठंडा मौसम बना हुआ। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना अभी भी बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के मौसम में इस बीच बदलाव देखने को मिला है।
पूर्वी भारत के मौसम की बात करें तो उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। इन राज्यों में तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। ओडिशा के माध्यम भागों में भी हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
हिमाचल में शुक्रवार से कई जगह बारिश व बर्फबारी होने के कारण लोगों को मार्च में दिसंबर जैसी सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को राजधानी शिमला, मनाली, रोहतांग दर्रे सहित प्रदेश में चोटियों पर बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। प्रदेश में कई स्थानों पर शनिवार सुबह आंधी के साथ चोटियों पर बर्फबारी हुई। इससे प्रदेश के अधिकतर स्थानों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
सड़कें बंद होने से हुई परेशानी
बर्फबारी के कारण प्रदेश में 200 सड़कों पर यातायात बंद रहा। वहीं, 214 ट्रांसफार्मर बंद रहने से कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं, सड़क बंद होने पर शिमला में तीन घंटे तक रोहड़ू जाने वाले यात्रियों को बस अड्डे में रोके रखा गया।
उत्तराखंड में भी जारी है बर्फबारी का दौर
उत्तराखंड में दूसरे दिन भी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। केदारनाथ में करीब एक फीट ताजा हिमपात हो चुका है। वहीं, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही मसूरी के आसपास धनोल्टी और नागटिब्बा की पहाड़ियां बर्फ से लद गई हैं। इसके अलावा कुमाऊं में थल-मुनस्यारी मार्ग पर यातायात ठप है। देहरादून, पौड़ी, चमोली और उत्तरकाशी में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।
आज जम्मू- श्रीनगर राजमार्ग पर नहीं होगी वाहनों की आवाजाही
जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिन से जारी बारिश शनिवार को भी रुक-रुक जारी रही। इससे तापमान में भी भारी गिरावट आ गई है। तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस नीचे तक लुढ़क गया है। जम्मू का दिन का अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.7, जबकि न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के वादी में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।