Weather Updates: मौसम में आया बदलाव, IMD ने जारी किया इन राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट
Weather Updates फरवरी के महीने में कई राज्यों में भीषण गर्मी के कारण कई रिकॉर्ड भी टूटे हैं। वहीं देश के अन्य हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखे जा रहे हैं और पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की राजधानी दिल्ली में मौसम सामान्य बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली हुई है। फरवरी के महीने में कई राज्यों में भीषण गर्मी के कारण कई रिकॉर्ड भी टूटे हैं। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखे जा रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग ( India Meteorological Department, IMD) ने उत्तराखंड के कई जिलों में रविवार को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। आइएमडी के अनुसार राज्य में सोमवार और मंगलार को मौसम और भी ज्यादा खराब रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर 3 और 4 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और असम के कई हिस्सों में रविवार को बारिश होने का अनुमान जताया गया और कश्मीर में शनिवार को हुई बर्फबारी की वजह से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं।
उत्तर भारत की बात करें तो पिछले 24 घंटों में दिन और रात का तापमान उपर्युक्त राज्यों में गिरा है। हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में 4 से 5 डिग्री की गिरावट देखी गई है। कम से कम अगले 2 से 3 दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सर्दियों की ठंड सुबह और रात के समय में वापसी कर सकती है।
आइएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। एडीजी आनंद शर्मा ने बताया कि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में गुरुवार को तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक था जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।