Weather Update : आज से फिर बारिश के आसार, तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड
जम्मू-कश्मीर लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में शाम तक बारिश हो सकती है जबकि अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं।
नई दिल्ली, एजेंसिया। उत्तर भारत में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में शाम तक बारिश शुरू होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी जारी हो सकती है, जबकि पूर्वी असम में हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने सोमवार को चेतावनी जारी करते हुए कि अगले 24 घंटों में ओडिशा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की। आईएमडी भुवनेश्वर के वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा, 'अगले 24 घंटों में दक्षिणी ओडिशा, गजपति, रायगडा, कोरापुट, गंजम, बलांगीर, नुआपाड़ा और कंधमान जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।'
अगले हफ्ते तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम शुष्क और ठंडा रहेगा, जबकि दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी और बारिश होने की उम्मीद है।
वहीं, उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली। कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। लोधी रोड और जाफरपुर क्षेत्रों में रात का तापमान 4.7 और 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी तापमान नीचे की ओर जाता हुआ नजर आ रहा है। द्रास सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 30 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह जिले में तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और कारगिल में शून्य से 27.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।