Move to Jagran APP

Weather Forecast: दिल्ली में बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठंड, यूपी- बिहार सहित इन राज्यों में शीतलहर की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार तापमान गिरने के साथ ही पंजाब हरियाणा और उत्‍तरी राजस्‍थान में सोमवार से शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। यह दौर 4 दिन तक बरकरार रहेगा। वहीं रविवार को महाराष्‍ट्र गोवा गुजरात मध्‍य प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में बारिश की संभावना है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Sun, 10 Jan 2021 08:46 AM (IST)Updated: Sun, 10 Jan 2021 02:27 PM (IST)
Weather Forecast:  दिल्ली में बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठंड, यूपी- बिहार सहित इन राज्यों में शीतलहर की संभावना
राजधानी दिल्ली में आज सुबह कई इलाको में घना कोहरा छाया रहा (फोटो एएनआई)

नई दिल्‍ली, एजेंसी। देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में ठंड में मौसम ने करवट बदलकर कुछ दिन तक बारिश (Rain) करवाई। इससे कुछ राज्‍यों में शीत लहर के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं जम्‍मू कश्‍मीर हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड के अधिकांश हिस्‍सों में बर्फबारी का दौर रुक रुककर जारी है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने उत्‍तर पश्चिमी भारत के अधिकांश क्षेत्रों में न्‍यूनमम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान गिरने के साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्‍तरी राजस्‍थान में सोमवार से शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। यह दौर 4 दिन तक बरकरार रहेगा। वहीं रविवार को महाराष्‍ट्र, गोवा, गुजरात, और पश्चिमी मध्‍य प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं राजधानी दिल्ली में आज सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। हवा के कारण मौसम काफी ठंड है।

loksabha election banner

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 10 जनवरी से पर्वतीय राज्यों में बल्कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में भी सर्द हवाएं चलेंगी। यह दौर एक सप्ताह के लिए जारी रहेगा, क्योंकि इस एक सप्ताह के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ों पर कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आएगा।

10 से 20 जनवरी के बीच इन सभी राज्यों में न्यूनतम तापमान फिर से गिरते हुए 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच सकता है। कई इलाकों में तापमान के 4 डिग्री के करीब पहुंचने पर शीत लहर का प्रकोप शुरू हो जाएगा।

दिल्ली में 3 जनवरी से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक

दिल्ली में न्यूनतम तापमान शनिवार को सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि शहर में तीन जनवरी से लगातार न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान से अधिक बना हुआ है। सफदरजंग वेधशाला ने शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो कि पिछले चार वर्षों में जनवरी में सबसे ज्यादा था। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के ऊपर बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की जा रही है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है क्योंकि शनिवार से बर्फीले पहाड़ों से उत्तरपश्चिमी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चलनी शुरू हुई हैं।

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप शनिवार को भी जारी रहा, जबकि कश्मीर के कई हिस्सों में फिर से बर्फबारी हुई, जिसके चलते केंद्र शासित प्रदेश में उड़ानों का आवागमन प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कश्मीर में कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई।

शीत लहर की संभावना

मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है, जिससे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 से 13 जनवरी तक शीत लहर की स्थिति बन सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश की संभावना

इस महीने देश के कई हिस्सों खासकर दक्षिण भारत में अच्छी खासी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना है जबकि 14 से 28 जनवरी तक दक्षिण भारत में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में अगले 24 घंटों में ओले पड़ने का अनुमान है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश के दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दक्षिणी गुजरात में भी हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तर भारत की बात करें तो हरियाणा, पंजाब, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में गहरा कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटों में भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर और सागर संभाग में बारिश हो सकती है। भोपाल और इंदौर संभाग में ओलावृष्टि की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है।

येलो अलर्ट किया जारी

इसके अलावा कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले दो दिनों के लिए दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिक्कमंगलुरु, हासन, कोडागु और शिवमोग्गा के लिए ‘‘येलो अलर्ट'' जारी किया है।

झारखंड में दो दिनों तक हल्के बादल

झारखंड की राजधानी रांची और आस-पास के इलाकों में अगले दो दिनों तक आकाश में हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग की माने तो नौ जनवरी से आसमान साफ रहने और न्यूनतम तापमान थोड़ी कमी आने की संभावना है। वहीं राज्य में 12 जनवरी के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.