Weather Update Today: गुजरात, राजस्थान सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें- आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम
Weather Update Today देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश झारखंड पश्चिम बंगाल महाराष्ट्र में कई स्थानों पर रेड अलर्ट जारी किया है। आइए जानते है दिल्ली-एनसीआर यूपी व अन्य राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम।
नई दिल्ली,एजेंसी। देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। झारखंड, पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। ओडिशा में भी 13 अगस्त तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट (Red alert) भी जारी किया है। इसके अलावा, गुजरात , मध्य प्रदेश , महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश (Heavy Rain) का पूर्वानुमान लगाया गया है।
दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बहुत ही हल्की वर्षा या बूंदाबांदी होने के आसार है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
गुजरात, राजस्थान सहित इन राज्यों में होगी भारी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, केरल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
यूपी-बिहार सहित इन राज्यों में हल्की बारिश की संभावना
केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर लद्दाख, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार, तटीय ओडिशा, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है। पंजाब के कई इलाकों में मौसम का मिजाज अच्छा रहने का अनुमान है। ज्यादातर इलाकों में बादल छाएंगे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा का भी अनुमान है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में 2-3 दिन अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में अधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल और जबलपुर संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
#WATCH Madhya Pradesh: After heavy rainfall in Indore, many areas of the city were waterlogged. (10.08) pic.twitter.com/jaGjiHW8Kl— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) August 11, 2022
इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, भोपाल, शहडोल, जबलपुर, सागर, रीवा, चंबल और ग्वालियर संभाग में गरज और चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। राजधानी भोपाल में भी लगातार बारिश की का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी पूरे एक हफ्ते तक बारिश का दौर यूं ही जारी रहेगा।
हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार को भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार लाहुल स्पीति जिले को छोड़ बाकी 11 जिलों में आंधी चलने के साथ भारी बारिश होगी। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।