विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: लू से बेहाल क्षेत्रों को आज से मिलेगी राहत,यूपी-बिहार समेत देखें आपके राज्य में कब आएगा मानसून

By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya
Published: Thu, 22 Jun 2023 05:36 AM (IST)

स्काईमेट प्रवक्ता महेश पलावत ने बताया कि लू प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से स्थिति बदलेगी। अगले कुछ घंटे के ...और पढ़ें

Weather Update: लू से बेहाल क्षेत्रों को आज से मिलेगी राहत,यूपी-बिहार समेत देखें आपके राज्य में कब आएगा मानसून
Weather Update: लू से बेहाल क्षेत्रों को आज से मिलेगी राहत,यूपी-बिहार समेत देखें आपके राज्य में कब आएगा मानसून

नई दिल्ली, अरविंद शर्मा। हीट वेब (लू) से बेचैन बिहार, झारखंड, ओडिशा एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए गुरुवार का दिन राहत लेकर आने वाला है। वायुमंडलीय स्थितियां पूरी तरह अनुकूल होती जा रही हैं। बंगाल की खाड़ी की मानसूनी हवा तेजी से आगे बढ़ रही है। अगले कुछ घंटों में बिहार-झारखंड के संपूर्ण क्षेत्र में वर्षा शुरू हो जाएंगी। मात्र एक-दो दिन बाद बिहार से सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, फैजाबाद, बलिया, गोंडा, बस्ती एवं बनारस के आसपास के क्षेत्रों में भी वर्षा की स्थितियां बन जाएंगी।

28 से 29 जून तक मानसून दिल्ली एवं एनसीआर में भी सक्रिय हो जाएगा। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) का मानना है कि उसके बाद दो सप्ताह तक लगातार और अच्छी बारिश होगी। बिहार, पूर्वी यूपी एवं ओडिशा के बड़े क्षेत्र में पिछले लगभग दस दिनों से तापमान के 40 से 44 डिग्री तक पहुंच जाने के कारण लू की स्थितियां बनी हुई थी। बुधवार को भी इन क्षेत्रों का तापमान 41 से 43 डिग्री तक देखा गया, लेकिन आइएमडी के अनुसार अब यहां से लू का प्रकोप पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

सिर्फ मध्य प्रदेश के कुछ ही हिस्सों में 22 जून को भी तापमान 42 डिग्री तक रह सकता है, लेकिन वहां भी 23 जून से तापमान गिरने लगेगा। अरब सागर के चक्रवात का बेहद कमजोर हो गया है। फिर भी राजस्थान में तेज वर्षा जारी है। अब इसे यूपी एवं मध्य प्रदेश की ओर खिसकते हुए देखा जा रहा है। निजी एजेंसी स्काईमेट का आकलन है कि उत्तर भारत में अभी निम्न दाब के दो क्षेत्र बने हुए हैं।

एक बिहार के पास है और दूसरा मध्य प्रदेश से सटे उत्तर प्रदेश के ऊपरी हिस्से में। इसके चलते पिछले दो दिनों से मानसूनी हवा की गति धीमी है, लेकिन ये दोनों निम्न दाब के क्षेत्र आगे बढ़कर एक-दूसरे के करीब आ रहे हैं। दोनों का यूपी में मिलन होगा, जिसके बाद निम्न दाब का एक बड़ा क्षेत्र यूपी में बन जाएगा। इससे बिहार से यूपी की तरफ आने वाली नम हवा की गति में तेजी आ जाएगी और बारिश की स्थितियां मजबूत होंगी।

स्काईमेट प्रवक्ता महेश पलावत ने बताया कि लू प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से स्थिति बदलेगी। अगले कुछ घंटे के भीतर मानसूनी हवा पूरे बिहार और झारखंड में फैल जाएगा। गया एवं पटना के साथ जमशेदपुर, रांची एवं चाइबासा में भी वर्षा शुरू हो जाएगी। उसके बाद बादलों का समूह लखनऊ-कानपुर की तरफ बढ़ेगा। अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे यूपी में सक्रिय हो जाएगा। दिल्ली-एनसीआर में भी 28 से 29 जून तक मानसून पहुंच जाएगा।

25 जून से समूचे यूपी में भारी वर्षा का अनुमान है। इसी तरह 29-30 जून तक पंजाब एवं हरियाणा में भी मानसून सक्रिय हो जाएगा। हालांकि चक्रवात के असर के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत पूर्वी यूपी एवं मध्य प्रदेश में इसके पहले भी छिटपुट वर्षा होती रहेगी।