Monsoon update: कई जगहों पर होगी भारी बारिश, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर विभाग ने चेतावनी भी जारी की है।
नई दिल्ली,एएनआइ। तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी से आपको कुछ राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अधिक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
साथ ही 45-55 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, बंगाल की मध्य और दक्षिण-पूर्व खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने मच्छुारों के लिए भी चेतावनी जारी की है। कहा गया है कि वह इन स्थानों पर जाने से बचे।
दिल्ली में 5 और 6 सितंबर को मौसम बदलेगा करवट
वहीं, स्काईमेट के अनुसार दिल्ली एनसीआर का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। सितंबर के पहले हफ्ते में बारिश की संभावना है। मानसून टर्फ अभी दक्षिणी राजस्थान और मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। अब यह उत्तर में जाएगी। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी विकसित हुआ है।