Weather Updates: मौसम विभाग की चेतावनी, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Weather Updates भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने आज महाराष्ट्र कर्नाटक केरल ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
नई दिल्ली, एएनआइ।Weather Updates देश के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूरे भारत के कई राज्यों को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल समेत कई अन्य राज्यों में आज बारिश की चेतावनी है।साथ ही बुधवार को पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तराखंड: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर आज उत्तरकाशी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी जिले के मोरी से मोल्डी जा रहा था। हेलीकॉप्टर में तीन लोग, पायलट राजपाल, सह-पायलट कपल लाल और एक स्थानीय व्यक्ति रमेश सांवर थे।
— ANI (@ANI) August 21, 2019
इसके अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है। आज अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश को लेकर मौसम का पूर्वानुमान किया है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क/तेज़ रहेगा।
— ANI (@ANI) August 21, 2019
उत्तराखंड में बाढ़ से काफी तबाही मची है।उत्तरकाशी जिले में बाढ़ प्रभावित अरकोट के लिए राहत सामग्री भेजे जाने का काम जारी है।देहरादून में सहस्त्रधारा हेलीपैड से दो हेलिकॉप्टरों को भोजन, पानी और अन्य राहत सामग्रियों के साथ भेजा गया।
— ANI (@ANI) August 21, 2019
हिमाचल, उड़ीसा व कर्नाटक की आपदाओं पर अतिरिक्त मदद
इससे पहले सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर भी मौजूद थे, हिमाचल प्रदेश, उड़ीसा तथा कर्नाटक को पूर्व में आई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के सिलसिले में राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (NDRF) से 4432.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता देने का निर्णय लिया गया था।
बाढ़ प्रभावित राज्यों का जायजा लेंगी टीमें
केंद्र ने बाढ़ प्रभावित 11 राज्यों में हुए नुकसान के आकलन के लिए तत्काल प्रभाव से अंतरमंत्रालयी केंद्रीय टीमों (IMCT) के गठन का निर्णय लिया है। यह निर्णय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित सभी राज्यों में हर संभव उपाय करने का निर्देश भी दिया।