Move to Jagran APP

Weather Update: हिमाचल में भारी बारिश का प्रकोप, दो दिन में 22 की मौत, उत्तराखंड को लेकर अलर्ट

Weather Update हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की वजह से दो दिनों में 22 लोगों की मौत हो चुकी है।उत्तराखंड को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

By Shashank PandeyEdited By: Published: Mon, 19 Aug 2019 07:56 AM (IST)Updated: Mon, 19 Aug 2019 02:09 PM (IST)
Weather Update: हिमाचल में भारी बारिश का प्रकोप, दो दिन में 22 की मौत, उत्तराखंड को लेकर अलर्ट
Weather Update: हिमाचल में भारी बारिश का प्रकोप, दो दिन में 22 की मौत, उत्तराखंड को लेकर अलर्ट

नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update उत्तर भारत के कई इलाके भारी बारिश की चपेट में हैं। रविवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में बारिश की वजह से कम से कम 40 से ज्यादा लोगों की मौत गई जबकि कई लोगों के लापता होने की खबर है। यमुना और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण अब दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। इसके बाद इन सभी राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं यमुना नदी में हथिनी बैराज से 8 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हरियाणा और दिल्ली में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

loksabha election banner

जम्मू और कश्मीर: तवी नदी के जल स्तर में अचानक वृद्धि के बाद जम्मू में एक पुल के पास फंस जाने के बाद दो लोगों को बचाया गया है।

दिल्ली: यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण, नदी के ऊपर बने 'लोहा पुल' पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। यमुना का जलस्तक जल स्तर 205 मीटर (चेतावनी स्तर 204.50 मीटर) पर पहुंच गया है।हथनी कुंड बैराज से छोड़े गए 8 लाख क्यूसेक से अधिक पानी के बाद दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। इस वजह से अब दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

उत्तराखंड: बादल फटने के बाद उत्तरकाशी जिले के मकुड़ी गांव में 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 3 को बचाया गया और 1 लापता है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।

हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के सीएम जय राम ठाकुर ने राज्य में बाढ़ की स्थिति पर कहा है कि पिछले 2 दिनों में यहां भारी बारिश हुई है। यहां बाढ़ के कारण 22 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पूरे मानसून सीजन में बारिश के कारण मरने वालों की संख्या 42 है। राज्यों को 574 करो़ड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसको लेकर विस्तृत रिपोर्ट बाद में आएगी। फिलहाल बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है।

केरल में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की तादाद बढ़कर 121 हो गई है। वहीं अबतक 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं और 21 लोग अब भी लापता हैं।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD)ने उत्तराखंड को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान कुमाऊं क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पंजाब: जालंधर में भारी बारिश केब बाद फिल्लौर जिले के 7 गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

उत्तराखंड: यहां  मोरी तहसील में बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया है। यहां अबतक इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो चुकी है।आपदा प्रबंधन के सचिव(प्रभारी) एस ए मुरुगेसन ने इस बात की जानकारी दी है। फिलहाल बचाव अभियान चल रहा है। बादल फटने के बाद बचाव अभियान के लिए संचार उपकरणों और रस्सियों के साथ मोरी के अरकोट के लिए दो हेलिकॉप्टरों ने उड़ान भरी। तीन मेडिकल टीमें अरकोट भी वहां पहुंची। यहां दो लोगों को देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड लाया गया। उन्हें दून अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

हिमाचल प्रदेश: शिमला के चबा क्षेत्र में सतलज नदी पर बने फुटब्रिज का एक हिस्सा नदी में गिर गया। इस पुल से शकरा, बालदी, बिंदला और जेडवी गाँव को कनेक्टिविटी मिलती थी। इस इलाके में भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

उत्तराखंड में भी बारिश का कहर, नौ की मौत,15 लापता
उत्तराखंड में बीते 24 घंटों में बादल फटने, नदी नालों में उफान व भूस्खलन की घटनाओं में जानमाल की काफी क्षति हुई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 15 लोग नालों के उफान और मलबे के साथ बह गए, जबकि एक ही परिवार के आठ सदस्य मकान के मलबे में दब गए। ऐसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अभी लापता हैं।

हिमाचल में बारिश ने तोड़ा 70 साल का रिकॉर्ड, 22 की मौत
शिमला, केरल और महाराष्ट्र के बाद अब देश के पहाड़ी राज्य भारी बारिश और बाढ़ के कहर से जूझ रहे हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाके भी शामिल हैं। हिमाचल में तो 70 साल में पहली बार इतनी बारिश हुई है। इसके चलते अब तक 22 लोगों को मौत हो चुकी है और दर्जनों घायल हुए हैं। सात लापता बताए जा रहे हैं। कुल्लू जिले का संपर्क शेष दुनिया से कट चुका है।

ऊना और शिमला-सोलन के बीच रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। वहीं, उत्तराखंड में बारिश के कारण नौ लोगों की मौत हो चुकी है। पंजाब में छह और उत्तर प्रदेश में तीन लोग काल का ग्रास बने। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार कुछ राहत मिलने का संभावना है। 20 साल बाद अगस्त में बर्फ : हिमाचल की चोटियों पर 20 साल बाद अगस्त में बर्फबारी देखी गई है। कुल्लू जिले के रोहतांग र्दे और लाहुल-स्पीति की चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।

श्री नैना देवी में सर्वाधिक बारिश
हिमाचल प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान औसत 102.5 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, इससे पहले 14 अगस्त 2011 को 74 मिलीमीटर और 1950 में 100 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। सबसे अधिक वर्षा श्री नैनादेवी में 330 मिलीमीटर हुई।

दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी जारी
दिल्ली में भी रविवार को बारिश हुई और यहां अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यमुना में जलस्तर बढ़ने से दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी है क्योंकि यमुना में जलस्तर के खतरे के निशान को पार करने की आशंका है।

यमुना में हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा 8 लाख क्यूसेक पानी
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार शाम चार बजे आठ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 32 घंटे में इस पानी के दिल्ली आने की उम्मीद है। इससे दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ेगा। फिलहाल अभी जलस्तर चेतावनी संदेश से नीचे है। बैराज से बड़ी मात्र में पानी छोड़े जाने से पूर्वी जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन ने खादर इलाकों को खाली करने के लिए मुनादी शुरू कर दी है। प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति के लिए 011-22051234 नंबर जारी किया है। पूर्वी जिले के जिलाधिकारी दीपक ¨शदे ने खादर इलाकों में रहने वाले लोगों से इलाका खाली करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि लोग यमुना के किनारे न जाएं। यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और इससे खादर इलाकों में भी पानी भरने की आशंका है। दीपक शिंदे ने बताया कि भारी बारिश के कारण हथिनी कुंड बैराज से समय-समय पर पानी छोड़ा जा रहा है।

दिल्ली-हरियाणा पर बाढ़ का खतरा
मौजूदा समय में यमुना का जलस्तर 203.37 मीटर है। यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर और खतरनाक स्तर 205.33 मीटर है। उन्होंने बताया कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने गीता कॉलोनी स्थित पूर्वी जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया है। यह 24 घंटे काम करेगा। आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-22051234 भी जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति जलस्तर से संबंधित जानकारी ले सकता है। साथ ही अगर कोई व्यक्ति बाढ़ में फंस गया है तो वह इस नंबर पर फोन करके मदद ले सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति को यमुना और उसके आसपास न जाने दें। साथ ही प्रशासन की टीम खादर इलाकों को खाली करने के लिए मुनादी कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में हो सकती है।

पंजाब में 81 गांव खाली करवाने के आदेश, छह की मौत
पंजाब में शनिवार रात तेज बारिश के बाद रविवार सुबह मौसम साफ होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि भाखड़ा बांध से पानी छोड़ने के कारण औद्योगिक नगरी लुधियाना से लेकर फिरोजपुर जिले तक सतलुज का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन की ओर से जालंधर के 81 गांव खाली करवाने के आदेश जारी किए गए हैं। लुधियाना के खन्ना में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इसके अलावा राज्य में तीन अन्य लोगों की भी मौत हुई है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री ने ली नदियों का जलस्तर बढ़ने पर रिपोर्ट लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं।

इसे भी पढ़ें: शेहला रशीद के खिलाफ आपराधिक शिकायत, सेना को लेकर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप

इसे भी पढ़ें: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत का पीएम मोदी को लेकर अनोखा दावा, कही ये बात


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.