विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा; बिहार, पंजाब सहित कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Sun, 09 Jul 2023 03:31 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 09 Jul 2023 05:00 AM (GMT+05:30)

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश ...और पढ़ें

पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा (फोटो: एएनआई)
पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा (फोटो: एएनआई)

जागरण टीम, नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं का असर पूरे उत्तर भारत में दिखाई देने लगा है। इसके चलते पहाड़ से लेकर मैदानी राज्यों तक भारी वर्षा हो रही है। कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पहाड़ों में जहां भारी वर्षा के कारण भूस्खलन बढ़ गया है। दिल्ली और मैदानी राज्यों में जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन स्थानों पर अत्यधिक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सोमवार तक, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में रविवार तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली में कैसा है मौसम का हाल?

दिल्ली में शनिवार को हुई वर्षा ने जुलाई में एक दिन में सर्वाधिक वर्षा का 20 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। दिल्ली में शुक्रवार रात से शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक 133.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले वर्ष 10 जुलाई, 2003 को 133.4 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

रविवार को लेकर भी मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार के लिए पहले येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे भारी वर्षा के बाद बदलकर रेड अलर्ट किया गया। तापमान भी सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया और अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जुलाई के पहले पखवाड़े में शनिवार का दिन पिछले आठ वर्षों में सबसे अधिक ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष 2015 में 11 जुलाई को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में छह दिन तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।

बिहार, पंजाब और राजस्थान में बाढ़ के हालात

बिहार में भी शनिवार को कई जिलों में भारी वर्षा हुई। 24 घंटों के दौरान सिवान में 54.2 मिमी और पटना में 22.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के चार जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया व कटिहार में भारी वर्षा की चेतावनी है।

दूसरी ओर राजस्थान के कई जिलों में भारी से पिछले 24 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पंजाब में भी करीब 14 घंटे लगातार हुई वर्षा से दरिया व नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। बांधों का जलस्तर भी बढ़ गया है। सबसे ज्यादा फिरोजपुर में रिकार्ड 176 मिलीमीटर वर्षा हुई। राज्य के कई इलाके पानी में डूब गए।

उत्तराखंड में 60 से अधिक संपर्क मार्ग अवरुद्ध

उत्तराखंड में बीती रात से शुरू हुआ वर्षा का क्रम शनिवार दिनभर जारी रहा। इससे पहाड़ी जिलों में 60 से अधिक संपर्क मार्ग बंद होने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। वर्षा के आरेंज अलर्ट के चलते ऊधमसिंहनगर में जिला प्रशासन ने इंटर तक के स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे। चमोली में बदरीनाथ राजमार्ग बाजपुर में भूस्खलन के कारण साढ़े तीन घंटे बंद रहा।

जम्मू-श्रीनगर हाईवे का एक हिस्सा ढहा

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को दूसरे दिन भी भारी वर्षा से नदी-नाले उफन गए और रामबन जिला में विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया। रामबन में भूस्खलन प्रभावित पंतिहाल को बाईपास करने वाली नवनिर्मित टी3 और टी5 (सुरंग) को जोड़ने वाली सड़क का एक बड़ा हिस्सा भी बह गया है। ये दोनों सुरंग इसी वर्ष अप्रैल में खुली थीं।

वहीं, जम्मू संभाग के पुंछ जिले के सुरनकोट में मुगल रोड पर नाला पार करते समय सेना के दो जवान बहकर लापता हो गए। उनकी खोज में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। वर्षा और भूस्खलन के चलते अमरनाथ यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित रही। यात्रा मार्ग पर फंसे 379 श्रद्धालुओं को सेना ने विभिन्न स्थलों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

हिमाचल में बाढ़-भूस्खलन से नौ मकान ढहे, सड़कें धंसी

हिमाचल में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। सड़क, रेल व हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। शनिवार को हुई वर्षा से चार स्थानों पर बाढ़ और पांच स्थानों पर भूस्खलन से नौ मकान और एक पशुशाला ढह गई।

भारी वर्षा के कारण एक दिन पहले शुरू हुई श्रीखंड यात्रा नौ व 10 जुलाई के लिए स्थगित कर दी है। ऊना जिले में रेलालइन पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, इससे वंदे भारत ट्रेन 10 मिनट लेट हो गई। प्रदेश में 133 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।