Weather Update : दिल्ली में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी, अभी कम नहीं होगा सर्दी का सितम
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी ऊंचाई वाले अधिकतर स्थानों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह भी दिल्ली में जमकर बारिश हुई। उधर, उत्तर भारत के पहाड़ों में भी बर्फबारी थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी ऊंचाई वाले अधिकतर स्थानों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, गुरुवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, इसके बाद 30 व 31 जनवरी को फिर से बारिश-बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में उत्तर भारत के लोगों को अभी ठंड का सितम अगले कुछ दिनों के लिए और झेलना पड़ सकता है।
जम्मू और कश्मीर के राजौरी जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को ताजा बर्फबारी हुई। इससे काफी मार्ग प्रभावित हुई है। बर्फ की एक मोटी चादर सड़कों और घरों पर नजर आ रही है। कश्मीर में मौसम के एक बार फिर करवट बदलने से मंगलवार को भी गुलमर्ग, राजौरी, पुंछ, बसंतगढ़, बनी, पत्नीटॉप और माता वैष्णो देवी के ऊपरी त्रिकुटा पर्वत पर भी बर्फ गिरी। ताजा हिमपात और रामबन में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है।
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को दिन भर दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे एक बार फिर ठंडक का एहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुमान है कि बारिश का यह दौर बुधवार यानि आज भी जारी रहेगा। इससे तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, फरवरी के पहले सप्ताह से तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा। राहत की बात यह भी है कि अब शीतलहर वाली स्थिति दोबारा लौटकर नहीं आएगी। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 22.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, हिमाचल में सोमवार आधी रात को मौसम ने फिर करवट बदली। यहां बारिश के साथ बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को शिमला सहित मनाली, कुफरी और डलहौजी में बर्फ की चादर बिछ गई। ऊपरी हिमाचल में भारी हिमपात होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिमपात की वजह से 272 सड़कें यातायात के लिए बद हो गई हैं। ऊपरी शिमला का संपर्क कट गया है। ऐसे में हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन रास्ते में फंसे लोगों तक राहत पहुंचाने की कोशिश में जुटा हुआ है।
#WATCH Himachal Pradesh: Reckong Peo in Kinnaur district received snowfall. (28.1.20) pic.twitter.com/8jhSZ99EgH— ANI (@ANI) January 28, 2020
वहीं उत्तराखंड में सोमवार रात से बिगड़ा मौसम का मिजाज मंगलवार को और तल्ख हो गया। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में पहाड़ों पर रुक-रुक कर हिमपात का क्रम बना हुआ। मौसम विभाग ने इस दौरान 2000 मीटर की ऊंचाई तक के स्थानों पर भारी हिमपात और बारिश की चेतावनी दी है।