Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather: दिल्ली-यूपी में मानसून का इंतजार, हिमाचल में भारी बारिश; इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Thu, 26 Jun 2025 05:30 AM (IST)

    दिल्ली में मौसम विभाग ने फिर अगले 24 घंटे में और उत्तर प्रदेश में शनिवार तक मानसून के आने की संभावना व्यक्त की है। वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार तेज बारिश हो रही है। जम्मू-कश्मीर में कहीं गर्मी का प्रकोप है तो कहीं वर्षा हो रही है। दिल्ली में मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

    Hero Image

    मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मानसून आने की जताई संभावना (फोटो- रॉयटर)

    टीम जागरण, नई दिल्ली। उमस भरी गर्मी से बेहाल दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार कुछ लंबा होता जा रहा है। मौसम विभाग पिछले एक सप्ताह से कमोबेश रोज ही मानसून आने की संभावना जता रहा है,लेकिन वर्षा के नाम पर बूंदाबांदी ही होकर रह जाती है। दिल्ली में मौसम विभाग ने फिर अगले 24 घंटे में और उत्तर प्रदेश में शनिवार तक मानसून के आने की संभावना व्यक्त की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार तेज बारिश हो रही है


    वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार तेज बारिश हो रही है। जम्मू-कश्मीर में कहीं गर्मी का प्रकोप है तो कहीं वर्षा हो रही है। दिल्ली में मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

    बुधवार को दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही। उमस भरी गर्मी के बीच अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 88 से 73 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। तेज हवा चलने व बिजली चमकने के साथ मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना है।

    पंजाब में मानसून अब सभी जिलों में पहुंचना शुरू हो गया है

    वहीं पंजाब में मानसून अब सभी जिलों में पहुंचना शुरू हो गया है। बुधवार को पंजाब के दस जिलों में मध्यम वर्षा के साथ ही तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने पंजाब के लिए | रेंज अलर्ट जारी करते हुए गुरुवार को कई जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।

    उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी

    उत्तराखंड में मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में भी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

    उप्र में शनिवार से भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

    प्रदेश मे उमस भरी गर्मी से अभी दो दिन और राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से पूरब से पश्चिम तक अच्छी बरसात की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में और गिरावट होगी।

    इस बीच झांसी के चिरगांव में वज्रपात से एक बच्ची की मौत हो गई। अमरोहा के खादर क्षेत्र में मिट्टी का बांध गंगा का जलस्तर बढ़ने पर बह गया। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी गुरुवार और शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के साथ एक-दो स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

    पश्चिमी जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। जबकि पूर्वांचल, बुंदेलखंड समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

    जम्मू और श्रीनगर में तापमान एक समान

    जम्मू-कश्मीर में गर्मी और वर्षा दोनों जारी हैं। वर्षा, भूस्खलन और बाढ़ से भी लोग बेहाल हैं। रामबन जिला में बुधवार को वर्षा के बाद हुए भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब तीन घंटे बंद रहा। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई वर्षा से सुबह जम्मू में तवी नदी का जलस्तर बढ़ गया और बीच टापू में जाकर पिंड दान कर रहे आठ नेपाली नागरिकों सहित नौ लोग फंस गए जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।

    राजौरी, कटड़ा में मंगलवार रात को तेज वर्षा हुई

    इस बीच, राजौरी, कटड़ा में मंगलवार रात को तेज वर्षा हुई। इस कारण कई मार्गों पर भूस्खलन हुआ। वहीं दूसरी तरफ कश्मीर में गर्मी से लोग बेहाल हैं। बुधवार को जम्मू और श्रीनगर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग एक समान रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। इधर, जम्मू में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।