Move to Jagran APP

Monsoon Update: उत्तर भारत में मानसून का इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें- आपके क्षेत्र में मौसम का हाल

दक्षिणी-पश्चिम मानसून दक्षिण दक्षिण-पश्चिम पूर्वी पूर्वोत्तर भारत में पहुंच चुका है लेकिन भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अभी इसके उत्तर और उत्तर पश्चिमी भारत में पहुंचने में देरी है। अगले दो-तीन दिनों में बिहार झारखंड बंगाल सिक्किम और ओडिशा में कई जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 22 Jun 2021 03:40 PM (IST)Updated: Wed, 23 Jun 2021 07:01 AM (IST)
Monsoon Update: उत्तर भारत में मानसून का इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें- आपके क्षेत्र में मौसम का हाल
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को अभी मानसून के लिए एक हफ्ते तक और इंतजार करना होगा। पछुआ हवा के चलते दक्षिण पश्चिम मानसून बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है और राष्ट्रीय राजधानी तक उसके पहुंचने में हफ्ते भर का समय और लगने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब को छोड़कर दक्षिण पश्चिम मानसून देश के अधिकतर भागों तक पहुंच गया है। आइएमडी के मुताबिक इस साल के मानसून की सबसे खास बात है कि यह देश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमोत्तर के आसपास के इलाकों में सामान्य से कम समय में ही पहुंच गया है। आमतौर इन इलाकों में मानसून के पहुंचने में सात से 10 दिन का समय लगता है। हालांकि, देश के शेष भाग में अगले सात दिनों में इसके पहुंचने की संभावना नहीं है।

prime article banner

जानें- कब तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून

आइएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा है कि 26 जून के आस पास दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन इस क्षेत्र को मानसूनी बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने पहले 15 जून तक ही मानसून के दिल्ली पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया था। सामान्य तौर पर 27 जून तक मानसून दिल्ली पहुंचता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में उसकी पहुंच हो जाती है। मौसम का पूर्वानुमान व्यक्त करने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा कि इस महीने के आखिर तक ही मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पछुआ हवा के चलते मानसून के आगे बढ़ने में रूकावट आ रही है। यह स्थिति अभी एक हफ्ते तक बने रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में मानसून पहुंचने में अभी देरी

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के राजस्थान, गुजरात के शेष हिस्से, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तक पहुंचने के लिए वायुमंडल संबंधी स्थितियां अब भी अनुकूल नहीं हैं। चक्रवातीय प्रवाह पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना हुआ है और वहां पश्चिमी विक्षोभ की भी स्थिति है। आईएमडी के महानिदेशक एम. महापात्र ने कहा कि ये स्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल नहीं हैं। हालांकि, अगले दो-तीन दिनों में गुजरात और उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में मानसूनी गतिविधि दिख सकती है।

अगले दो-तीन दिनों में इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्तमान चक्रवातीय स्थिति के कारण मानसून उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में अगले पांच दिनों में धीरे-धीरे पहुंच सकता है। मानसून पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पहुंच गया है। मानसून की उत्तरी सीमा दीव, सूरत, नंदरबार, भोपाल, नौगोंग, हमीरपुर, बाराबंकी, बरेली, सहारनपुर, अंबाला और अमृतसर से गुजर रही है। इसके अलावा अगले दो-तीन दिनों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में कई जगहों पर तेज से भारी वर्षा हो सकती है।

अगले 24 घंटे के दौरान इन राज्यों में बारिश की संभावना

ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों और तमिलनाडु के कुछ भागों में एक या दो तेज बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्व राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम एमपी, कोंकण और गोवा और गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।पश्चिमी हिमालय, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.