Move to Jagran APP

सावधान! आज व कल भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल में एक बार फिर भारी बारिश का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 मार्च को पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम करवट बदलेगा। पश्चिमी हवाएं 20 मार्च तक प्रभावी रहेंगी।

By Neeraj Kumar Azad Edited By: Published: Wed, 16 Mar 2016 08:21 PM (IST)Updated: Wed, 16 Mar 2016 08:23 PM (IST)
सावधान! आज व कल भारी बारिश की चेतावनी

जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में एक बार फिर भारी बारिश का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 मार्च को पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम करवट बदलेगा। पश्चिमी हवाएं 20 मार्च तक प्रभावी रहेंगी। हवाओं के 17 व 18 मार्च को अधिक प्रभावशाली होने के कारण राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम में परिवर्तन से राज्य के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी जिससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में छह से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान माइनस आठ से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मार्च आधा बीत जाने के बाद भी राज्य से ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिसंबर जैसी ठंड मार्च में हो रही है। हालांकि अभी तक हुई बारिश कृषि व बागवानी के लिए फायदेमंद मानी जा रही थी। अब अधिक दिनों तक सर्दी और बारिश कृषि व बागवानी के लिए नुक्सानदायक साबित हो सकती है। अप्रैल के पहले सप्ताह में मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के सेब बगीचों में पिंक बड्र्स निकलना शुरू हो जाते हैं। ऐसे में तापमान का सामान्य होना जरूरी है। सोलन, सिरमौर व शिमला जिलों में टमाटर, शिमला मिर्च व बैंगन की पौध की रोपाई भी शुरू हो जाती है। ऐसे में तापमान में गिरावट इन फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।
वहीं, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई व न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है। बुधवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान बरठीं में 28.0 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान केलंग में माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

loksabha election banner

कहां कितना रहा तापमान
स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 6.4 15.4
सुंदरनगर 6.9 25.7
भुंतर 4.5 22.0
धर्मशाला 10.0 19.0
ऊना 9.0 27.2
नाहन 9.0 27.2
केलंग -7.5 3.3
डलहौजी 6.0 9.5
चंबा 6.7 23.5
मनाली -0.8 14.4
कांगड़ा 8.2 25.1
मंडी 8.2 25.1
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.