विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु में भारी बारिश का कहर, डिंडीगुल में श्रीलंकाई शरणार्थी शिविर के 100 से ज्यादा घरों में घुसा पानी

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:36 PM (GMT+05:30)

तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में भारी बारिश के कारण पुलियामपट्टी स्थित श्रीलंकाई तमिल शरणार्थी शिविर जलमग्न हो गया, जिससे 100 से अधिक घर प्रभावित हुए।

तमिलनाडु में भारी बारिश का कहर (स्क्रीनग्रैब- PTI)

तमिलनाडु में भारी बारिश का कहर (स्क्रीनग्रैब- PTI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते पुलियामपट्टी स्थित श्रीलंकाई तमिल शरणार्थी शिविर पानी से भर गया, जिसके चलते शिविर के 100 से अधिक घर जलमग्न हो गए हैं और पीड़ित परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात का जायजा लेने शनिवार को मौके पर पहुंचे जिला कलेक्टर एस. दुर्गा मूर्ति ने प्रभावित लोगों से बातचीत की और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे लोग

निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने प्रभावित लोगों से बातचीत की ताकि उनकी परेशानियों को समझा जा सके और जलभराव के स्तर का जायजा लिया जा सके। वहां रहने वालों ने बताया कि बारिश का पानी तेजी से जमा होने लगा, जिससे घर जलमग्न हो गए और परिवारों को अपने बच्चों और सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।

खुले कुएं के कारण बढ़ गया खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, जल निकासी के रास्ते बंद होने और जलाशयों के उफनने से हालात बिगड़ गए। रिहायशी इलाके के पास स्थित 40 फीट गहरा खुला कुआं लबालब भरने से तेज बारिश के दौरान सुरक्षा को लेकर खतरा और बढ़ गया।

लोगों ने बताया कि जमा पानी निकालने के लिए अवरुद्ध रास्तों को तोड़कर अस्थायी नालियां बनाई गईं, लेकिन मलबे और चोक नालों के चलते पानी की निकासी में लगातार बाधा आती रही।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, कलेक्टर ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि इस इलाके में बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या को रोकने के लिए जरूरी राहत कार्य किए जाएंगे और जल निकासी का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)