#GalwanValleyClash: जान गंवाने वाले सैनिकों की शहादत के सम्मान में DRDO ने लिया बड़ा फैसला
DRDO (रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन) ने नए सरदार वल्लभभाई पटेल COVID-19 अस्पताल दिल्ली के विभिन्न वार्डों का नाम उनके नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने निर्णय लिया है कि दिल्ली स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कोविड अस्पताल के विभिन्न वार्डों के नाम गलवान घाटी में शहीद हुए 20 भारतीय सैनिकों के नाम पर रखे जाएंगे। शहीदों को सम्माम देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। DRDO के अध्यक्ष के प्रौद्योगिकी सलाहकार ने इसकी जानकारी दी है।
भारत-चीन के बीच सीमा विवाद पर वार्ता शीघ्र
भारत और चीन के बीच भले ही सैन्य तनाव चरम पर हो लेकिन दोनों देशों के बीच वार्ताओं का दौर आगे भी जारी रहेगा। मंगलवार को दोनो देशों के सैन्य कमांडर स्तरीय की बातचीत के बाद अब अगले दौर में सीमा विवाद सुलझाने के लिए विदेश मंत्रालयों के स्तर पर बातचीत होगी।
दिल्ली में 92 हजार से अधिक केस
राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 92,175 हो चुकी है। इसके साथ ही राज्य में कुल 63,007 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 2,864 हो गई है। मौजूदा समय में 26,304 सक्रिय मरीज हैं।
देश में 24 घंटों में कोरोना के 20 हजार से ज्यादा नए मामले
गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 6.25 लाख को भी पार कर चुकी है। वहीं सुकून की बात यह है कि इसमें से 3.79 लाख लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के कुल 2.27 लाख एक्टिव केस हैं। वहीं, बीते गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 20,903 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 20 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा 20,903 नए दर्ज किए गए हैं, जबकि 379 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6 लाख 25 हजार 544 तक पहुंच गई है। इसमें से 2 लाख 27 हजार 439 एक्टिव मामले हैं, जबकि अब तक कुल 3 लाख 79 हजार 892 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। देश में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 18,213 हो गई है।