Move to Jagran APP

EXCLUSIVE: 15 दिसंबर को विराट कोहली और अनुष्का इटली में करेंगे शादी

सूत्रों की मानें तो इटली में 13 से 15 दिसंबर तक अनुष्का-विराट की शादी के समारोह होंगे। 13 को संगीत, 14 को हल्दी बांध की रस्म और 15 दिसंबर को शादी का मुख्य समारोह होगा।

By Sachin BajpaiEdited By: Published: Wed, 06 Dec 2017 10:13 PM (IST)Updated: Thu, 07 Dec 2017 07:07 AM (IST)
EXCLUSIVE: 15 दिसंबर को विराट कोहली और अनुष्का इटली में करेंगे शादी
EXCLUSIVE: 15 दिसंबर को विराट कोहली और अनुष्का इटली में करेंगे शादी

अनुज अलंकार, मुंबई। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली का तीन साल पुराना रिश्ता शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। अटकलों और चर्चाओं के बीच भरोसेमंद सूत्रों ने इस खबर पर मुहर लगा दी है। हालांकि अनुष्का की मीडिया टीम ने खबर का खंडन किया है, लेकिन विराट से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है। अनुष्का के साथ जुड़े रहे एक फैशन ब्रांड की टीम ने भी शादी की खबर पर मुहर लगाई है।

loksabha election banner

इटली में होगी विराट और अनुष्का की शादी

सूत्रों की मानें तो इटली में 13 से 15 दिसंबर तक अनुष्का-विराट की शादी के समारोह होंगे। 13 को संगीत, 14 को हल्दी बांध की रस्म और 15 दिसंबर को शादी का मुख्य समारोह होगा। शादी के लिए अनुष्का और विराट सीधे इटली नहीं जाएंगे। शुक्रवार रात यह जोड़ी मुंबई से दुबई के लिए उड़ान भरेगी। दुबई में शादी की खरीदारी के बाद उनका अगला पड़ाव सिंगापुर होगा। सिंगापुर में एक दिन रुकने के बाद दोनों लंदन जाएंगे। वहां से 12 दिसंबर को इटली पहुंचेंगे। दोनों के परिजन भी 12 दिसंबर को ही इटली पहुंचेंगे।

         

शादी के बाद मुंबई में होगा रिसेप्शन

सूत्रों का कहना है कि शादी बेहद निजी रहेगी। इसमें दोनों के पारिवारिक सदस्य ही शामिल होंगे। बाद में मुंबई में 21 दिसंबर को जुहू के एक सात सितारा होटल में रिसेप्शन होगा। इसमें खेल, सिनेमा के साथ राजनीति व कारोबार से जुड़ी हस्तियां शामिल होंगी। यह भी कहा जा रहा है कि भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे में अनुष्का भी विराट के साथ होंगी। इसे ही उनका हनीमून बताया जा रहा है।

          

कोहली परिवार के पुरोहित ने दी शादी की तारीख

श्रीलंका के साथ वनडे सीरीज से विराट के नाम वापस लेने के बाद से ही उनकी अनुष्का से शादी की अटकलें लगने शुरू हो गईं थीं। सूत्रों ने बताया, दिल्ली में कोहली परिवार के पुरोहित ने शादी की तारीख निकाली। आयोजन की जगह विराट और अनुष्का ने परिवार की सहमति से तय की। शादी समारोह में टीम इंडिया से भी कोई सदस्य नहीं पहुंचेगा। हां रिसेप्शन में पूरी टीम मौजूद रहेगी।

          

विश्वकप में खराब प्रदर्शन के बाद दोनों में ब्रेकअप की नौबत तक आई थी

अनुष्का के साथ विराट का रिश्ता लगभग तीन साल पहले तब शुरू हुआ, जब दोनों ने एक एड फिल्म में साथ काम किया था। 2015 में सबसे पहले आइपीएल मैचों में विराट की बेंगलुरु टीम के मुकाबलों में अनुष्का को दर्शक दीर्घा में देखा गया। दोनों के रिश्तों पर मुहर तब लगी, जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर थी। तब किसी फैन ने ऑकलैंड में रात में दोनों की साथ घूमते हुए तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया में पोस्ट की थीं। दोनों के बीच एक बार ब्रेकअप की नौबत भी आई। विश्वकप में विराट के खराब प्रदर्शन के लिए सोशल मीडिया में अनुष्का को दोषी ठहराया गया था। इस पर विराट बौखला गए थे। हालांकि तीन महीने बाद फिर दोनों के रिश्ते जुड़े। इस बार दोनों ने सार्वजनिक रूप से एक साथ सामने आने का फैसला किया। युवराज सिंह से जहीर खान तक के शादी समारोहों में विराट-अनुष्का साथ नजर आए। इंग्लैंड दौरे में अनुष्का विराट की गर्लफ्रेंड के तौर पर उनके साथ गईं थीं।

           

संजय दत्त की बायोपिक में भी नजर आएंगी अनुष्का

अनुष्का के करियर की बात करें तो इस साल उनकी दो फिल्में 'फिल्लौरी' और शाहरुख खान के साथ 'जब हैरी मेट सेजल' रिलीज हुईं हैं। 'फिल्लौरी' का निर्माण खुद अनुष्का ने किया था। बाक्स आफिस पर ये फिल्म औसत रही, जबकि 'जब हैरी मेट सेजल' सुपर फ्लाप साबित हुई। अनुष्का इन दिनों तीन फिल्मों में काम कर रही हैं, जिनमें शाहरुख खान के साथ निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म है। दूसरी फिल्म यशराज की सुई धागा है। इसके हीरो वरुण धवन हैं। तीसरी फिल्म परी है। इसका निर्माण अनुष्का की प्रोडक्शन कंपनी कर रही है। इन तीन के अलावा राजकुमार हीरानी के निर्देशन में बन रही संजय दत्त की बायोपिक फिल्म में अनुष्का टीवी पत्रकार के मेहमान रोल में होंगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.