EXCLUSIVE: इटली में इस जगह पर होगी विराट-अनुष्का की शादी, जानिए कौन-कौन होगा शामिल
विराट और अनुष्का की शादी भले ही इटली में हो रही हो, लेकिन ये शादी हिंदू रीति-रिवाज़ों से ही होगी।
नई दिल्ली, (स्पेशल डेस्क)। यह परीलोक है, धरा पर उतरा ऐसा लोक जहां बहारों का चमन मुस्कुरा रहा है। जी हां, इटली के रिजॉर्ट में यह नजारा उतर आया है। यहीं क्रिकेटर विराट कोहली और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सात जन्मों के बंधन में बंधेंगे। दो सितारों के मिलन की चांदनी बिखरेगी। सो, तैयारी पुरजोर है।
दक्षिणी इटली के टस्कनी शहर स्थित रिजॉर्ट सजधज कर तैयार है। दूल्हा-दुल्हन के परिजन और करीबी पहले ही समारोह स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। अनुष्का का सपना था कि वह शादी अंगूर के बगीचे के बीच करे। इटली का यह रिजॉर्ट अनुष्का के सपने में रंग भरेगा। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत कई दिग्गज यहां अपनी छुट्टियां मना चुके हैं। यह रिजॉर्ट 13वीं शताब्दी का गांव सियाना था। 2001 में एक शख्स ने पूरे गांव को ही खरीदकर रिजॉर्ट बना दिया। अब भी गांव की तरह दिखने वाले इस रिजॉर्ट का नाम ‘बॉर्गो फिनोशियेतो’ है जिसका मतलब होता है ‘उपवन या बगीचे वाला गांव’।
बॉर्गो फिनोशियेतो इटली के सियाना स्टेशन से 34 किलोमीटर और बिबियानो कैसल (महल) से केवल दो किमी की दूरी पर है। वाइन के लिए मशहूर मोंटालकिनो के बगल में स्थित होने के कारण इस रिजॉर्ट के आसपास अंगूर के बाग हैं। माना जाता है कि सियाना गांव विया फ्रांसिगेना सड़क के किनारे बसा था। आठ सौ वर्ष पूर्व इस सड़क से ही रोम से तीर्थ यात्री कैंटरबरी जाते थे।
कैंटरबरी में प्रधान गिरजाघर स्थित है जिसके कारण यूनेस्को ने कैंटरबरी को विश्व की ऐतिहासिक धरोहर में शामिल किया हुआ है। इस रिजॉर्ट को विराट और अनुष्का की शादी के लिए ही दिसंबर में खोला गया है अन्यथा इस मौसम में यह बंद रहता है।
दो दिन पहले विराट और अनुष्का इटली के लिए रवाना हो गए थे। हम आपको यहां दिखा रहे हैं उस जगह की एक्सक्लूसिव तस्वीरें, जहां पर ये वेडिंग सेरेमनी होगा।
विराट और अनुष्का की शादी भले ही इटली में हो रही हो, लेकिन ये शादी हिंदू रीति-रिवाज़ों से ही होगी। इस शादी के लिए खासतौर पर अनुष्का की फैमिली के साथ उनके परिवार के पंडित अनंत जी महाराज भी साथ गए हैं। यह वही पंडित हैं, जिनसे मिलने विराट और अनुष्का पिछले साल देहरादून गए थे।
विराट की शादी में मौजूदा भारतीय टीम का कोई भी खिलाड़ी शामिल नहीं हो सकेगा। क्योंकि टीम इंडिया फिलहाल श्रीलंका के साथ वनडे सीरीज़ खेल रही है।
लेकिन खबरों के मुताबिक सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह के अलावा विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा इस शादी में शामिल हो सकते हैं।
दूसरी तरफ अनुष्का ने भी बॉलीवुड से कुछ खास मेहमानों को आमंत्रित किया है। इनमें आमिर खान, शाहरुख खान, रणबीर कपूर, और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा पहुंच सकते हैं।
खबरों के मुताबिक इटली में विराट-अनुष्का की शादी के बाद वापस भारत लौटने पर मुंबई के एक नामी-गिरामी होटल में शानदार रिसेप्शन दिया जाएगा।
रिजॉर्ट में हैं ये सुविधाएं
रिजॉर्ट में पांच विला के साथ 22 कमरे हैं। खान-पान के साथ बेहतरीन वाइन के लिए मशहूर यह दुनिया के सबसे महंगे रिजॉर्ट में एक है।