Vinay Mohan Kwatra: विनय मोहन क्वात्रा के कार्यकाल को मिला 14 महीनों का विस्तार, अब 2024 तक रहेंगे विदेश सचिव
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा का कार्यकाल अप्रैल 2024 तक के लिए बढ़ाया गया है। क्वात्रा को अप्रैल 2022 में विदेश मंत्रालय में सचिव के पद पर नियुक्त किया गया था। भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी क्वात्रा विदेश सचिव बनने से पहले नेपाल में भारत के राजदूत रहे हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विदेश सचिव विनय कुमार क्वात्रा अप्रैल, 2024 तक अपने पद पर बने रहेंगे। सोमवार को केंद्र सरकार ने उनको 14 महीनों का सेवा विस्तार दे दिया है। क्वात्रा को अप्रैल, 2022 में विदेश मंत्रालय में सचिव के पद पर नियुक्त किया गया था। हालांकि, उस समय सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना में यह नहीं बताया गया था कि क्वात्रा के कितने समय के लिए विदेश सचिव बनाया गया है।
30 अप्रैल, 2024 तक के लिए किया जा रहा है विस्तार
नियुक्त संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति की तरफ से जारी नई अधिसूचना में बताया गया है कि क्वात्रा का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2022 को समाप्त हो रहा था लेकिन अब उनकी सेवा का विस्तार 30 अप्रैल, 2024 तक के लिए किया जा रहा है। इस तरह से देखा जाए तो मौजूदा सरकार के संपूर्ण कार्यकाल के लिए विनय क्वात्रा देश के विदेश सचिव बने रहेंगे। वर्ष 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी क्वात्रा विदेश सचिव बनने से पहले नेपाल में भारत के राजदूत रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Fact Check : आपत्तिजनक नारों की शिकायत के लिए NIA ने नहीं जारी किया कोई नंबर
अमेरिका सहित कई देशों पर है व्यापक विशेषज्ञता
क्वात्रा ने इस साल 1 मई को विदेश सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया था, जो हर्षवर्धन श्रृंगला के पद पर थे। बता दें कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सेवा में विस्तार को मंजूरी दे दी है। उनके कार्यकाल का विस्तार ऐसे समय में हुआ है जब भारत जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण कर रहा है। भारत अगले साल जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए तैयार है। इससे पहले, क्वात्रा नेपाल में भारत के दूत के रूप में कार्यरत थे। क्वात्रा को भारत के पड़ोस के साथ-साथ अमेरिका, चीन और यूरोप से निपटने में व्यापक विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: विदेश सचिव क्वात्रा ने न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस से की मुलाकात, हुई अहम मुद्दों पर चर्चा