कटियार बोले- BJP में खूबसूरत महिलाओं की कमी नहीं, प्रियंका ने दिया जवाब
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मी बढ़ते ही नेताओं के विवादित बयान आने शुरू हो गए हैं।
नई दिल्ली (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहे हैं त्यों-त्यों नेताओं की विवादित टिप्पणियां आनी भी शुरु हो गईं हैं। जेडीयू नेता शरद यादव के विवादित बयान के बाद अब भाजपा सांसद विनय कटियार ने एक अजीबोगरीब बयान दिया है।
यूपी में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे ज्यादा खूबसूरत महिलाएं और हीरोइनें भाजपा में हैं, जो स्टार प्रचारक हैं, इससे क्या फर्क पड़ता है। प्रियंका गांधी को लेकर विनय कटियार ने कहा है कि लोग उनको लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि प्रियंका गांधी उतनी भी खूबसूरत नहीं हैं, जितना प्रचारित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: भाजपा में प्रियंका गांधी से भी खूबसूरत चुनाव प्रचारक : विनय कटियार
इस पर प्रियंका ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सही कह रही हैं, उनके पास 'ज्यादा सुंदर' उम्मीदवार हैं। अगर वो मेरी उन मजबूत, बहादुर और सुंदर साथियों, जिन्होंने बड़ी मुश्किलों को पार कर ये मुकाम पाया है, उनमें सिर्फ यही देखते हैं तो मुझे इसपर हंसी आती है। उन्होंने देश की आधी आबादी को लेकर भाजपा की मानसिकता को उजागर कर दिया है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कटियार का यह बयान भारत में महिलाओं के प्रति भाजपा नेतृत्व के नजरिये को दर्शाता है।
सुरेजवाला ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं का अपमान किया है, यह महिलाओं के प्रति भाजपा की मानसिकता को प्रदर्शित करता है। इसके लिए अमित शाह और पीएम मोदी को माफी मांगनी चाहिए। भाजपा और आरएसएस के गहरी जड़ें महिला विरोधी मानसिकता से ग्रस्त हैं।
यह भी पढ़ें: जानिए, क्यों चीन और 'करीबी दोस्त' पुतिन से पहले ट्रंप ने किया मोदी को फोन?