Move to Jagran APP

गुजरात: विजय रूपानी ने ली CM पद की शपथ, 25 मंत्री शामिल

गांधीनगर में शपथ ग्रहण समारोह में विजय रूपानी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

By Lalit RaiEdited By: Published: Sun, 07 Aug 2016 08:53 AM (IST)Updated: Sun, 07 Aug 2016 03:23 PM (IST)
गुजरात: विजय रूपानी ने ली CM पद की शपथ, 25 मंत्री शामिल

नई दिल्ली । विजय रूपानी ने आज गुजरात के नए मुख्यमंत्री के रुप में शपथ ली। रूपानी के साथ नितिन पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली जिन्हें राज्य का उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है। गांधीनगर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 25 नए मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री मौजूद थे। पीएम ने विजय रूपानी को बधायी दी, इसके साथ ही उन्होंने आनंदीबेन पटेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अथक परिश्रम कर राज्य की सेवा की। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने नितिन भाई पटेल को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर बधायी दी और कहा कि उनके नेतृत्व में गुजरात तरक्की की कहानी लिखेगा।

prime article banner

शपथ ग्रहण की खास बातें

- आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद विजय रूपानी गुजरात के नए सीएम बने।

- नितिन पटेल को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।

- 25 मंत्रियों ने ली शपथ।

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, लालकृष्ण आडवाणी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

काफ़ी उठापटक के बाद शुक्रवार को विजय रुपानी के नाम पर मुहर लगी थी। विजय रूपानी शुरू से ही बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की पसंद थे। रूपानी गुजरात भाजपा के अध्यक्ष हैं और प्रदेश के परिवहन मंत्री है।

राज्यपाल से मिलकर विजय रूपानी ने किया सरकार बनाने का दावा पेश

आनंदीबेन पटेल ने कुछ दिन पहले ही फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वह इस पद से हट जाना उपयुक्त समझती हैं क्योंकि वह इस साल नवंबर में 75 की हो जाएंगी।

विजय रूपाणी बने गुजरात के नए CM, देखें तस्वीरें

नए सीएम के रूप में चुने गए रूपानी को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दोनों का करीबी माना जाता है. जैन समाज से संबंधित होना भी एक हद तक उनके पक्ष में गया है। रूपानी राजकोट से हैं। उन्होंने युवावस्था में ही छात्र राजनीति में भाग लेना शुरू कर दिया था। इमरजेंसी के दौरान वे जेल में भी रहे। विजय रूपानी के अलावा नितिन पटेल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल था।लेकिन आखिरकार सियासी समीकरण रूपानी के पक्ष में बने और नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री पद से ही संतोष करना पड़ा।

कौन हैं विजय रूपानी ?

राजकोट के रहने वाले 60 वर्षीय विजय रूपानी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी, दोनों के करीबी माना जाता है। जैन समाज से संबंधित होना भी एक हद तक उनके पक्ष में गया। शाह खुद भी जैन समुदाय के हैं। रंगून (अब म्यामांर का यंगून) में 1956 में जन्मे रूपानी के पिता का नाम रमणीकलाल रूपाणी है। रूपानी ने राजकोट से ही बीए और एलएलबी की शिक्षा ग्रहण की है। वह स्कूल के दिनों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए। उन्होंने युवावस्था में छात्र राजनीति में भाग लेना शुरू कर दिया। इमरजेंसी के दौरान वह जेल में भी रहे। गुजरात पर्यटन कारपोरेशन का अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने 'खुशबू गुजरात की' पर्यटन अभियान शुरू किया, जो खासा सफल रहा।

कौन हैं नितिन पटेल ?

नितिन पटेल उत्तरी गुजरात के ‘कड़वा पटेल’ नेता हैं। उनकी छवि जमीन से जुड़े नेता की रही है। 90 के दशक से ही वह लगातार मंत्री रहे हैं। अब तक सिर्फ एक बार ही चुनाव हारे हैं, वह भी 2002 में। जब गुजरात में नरेंद्र मोदी सरकार थी तब वह शहरी विकास मंत्री और वित्त मंत्री रहे। गुजरात कैबिनेट में उनकी नंबर 2 पोजिशन थी। आनंदीबेन की ही तरह वे उत्तरी गुजरात से पटेल नेता हैं। नितिन उस समिति के प्रमुख थे जिसने पाटीदार आंदोलन के बाद सरकारी नौकरियों और कॉलेजों में आरक्षण के मसले पर पाटीदार नेताओं से बातचीत की थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.