केरल में चलती कार से गिरी एक साल की बच्ची, फिर ऐसे बची उसकी जान, देखें VIDEO
केरल के मुन्नार क्षेत्र में एक बच्ची चलती कार से गिर गई जिसे चमत्कारिक रूप से बचा लिया गया। बच्ची कार में अपनी मां-बाप के साथ थी। वह अब सकुशल अपने मां-बाप के पास है।
तिरुवनंतपुरम, एएनआइ। कहते हैं जाको राखे साइयां मार सके न कोई। यानी जिस मनुष्य पर ईश्वर की कृपा होती है , कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा सकता। यब बात केरल की उस एक साल की बच्ची पर लागू होती है, जो चलती कार से गिर गई और उसे को चमत्कारिक रूप से बचा लिया गया। यह घटना केरल के मुन्नार क्षेत्र की है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने इसका एक वीडियों जारी किया है।जानकारी अनुसार मुन्नार की यह दंपति कार से कहीं जा रही थी उनके साथ यह बच्ची भी थी। अचानक यह बच्ची कार से गिर गई और दंपति को इसके बारे में पता नहीं चला। बाद में इस बच्ची को बचा लिया गया और उसे उसके मां-बाप को सौंप दिया गया।
घुटने के बल पर सड़क के किनारे आई बच्ची
एएनआइ द्वारा जारी इस वीडियों को देखकर आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल कार से गिरने के बाद बच्ची सड़क पर खुद ही घुटने के बल चलने लगती है और धीरे-धीरे सड़क के किनारे आ जाती है। इस तरह से वो वहां से गुजर रहीं अन्य गाड़ियों से बच जाती है। यह पूरा वाक्या किसी चमत्कार से कम नहीं है। जानकारी अनुसार इस घटना में बच्ची बिल्कुल सही सलामत है। जीप की तेज रफ्तार होने के बाद भी बच्ची को गंभीर चोट नहीं आई है। इस घटना का वीडियों सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।
— ANI (@ANI) September 9, 2019
माता-पिता पर उठ रहे सवाल
सोशल मीडिया पर इस वीडियों को लोग खूब शेयर कर रहे हैं और माता-पिता को उनकी लापरवाही के लिए जमकर लताड़ रहे हैं। लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर कैसे उसके माता पिता को बच्ची के गिरने के बारे में पता नहीं चला। हालांकि, फिलहाल यह नहीं पता चल सका है कि बच्ची आखिर कार से गिरी कैसे और उसके माता को इसके बारे में पता क्यों नहीं चला। बहरहाल अच्छी बात ये है कि बच्ची पूरी तरह से ठीक है।