Vice President 3 Nation Tour: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू तीन देशों गैबान, सेनेगल, कतर के दौरे पर हुए रवाना
Vice President 3 Nation Tour उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू सोमवार को को तीन देशों गैबान सेनेगल और कतर के दौरे पर रवाना हो गए। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने एक बयान में कहा कि उनकी यात्रा से अफ्रीका के साथ भारत के जुड़ाव को गति मिलने की उम्मीद है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू सोमवार को तीन देशों गैबान, सेनेगल और कतर के दौरे पर रवाना हो गए। किसी भारतीय उपराष्ट्रपति की इन तीन देशों की पहली यात्रा है।यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब कतर और भारत अपने कूटनीतिक संबंध स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहे हैं। भारत-सेनेगल इस वर्ष कूटनीतिक संबंध स्थापना की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। नायडू के साथ गए प्रतिनिधिमंडल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री डा. भारती प्रवीन पवार और तीन सांसद सुशील कुमार मोदी, विजय पाल सिंह तोमर एवं पी. रवींद्रनाथ शामिल हैं। 30 मई से एक जून तक उपराष्ट्रपति गैबान में रहेंगे। एक से तीन जून तक वह सेनेगल का दौरा करेंगे। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में नायडू चार से सात जून तक कतर में रहेंगे। तीनों देशों में वह प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे और प्रमुख लोगों से मुलाकात के अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
उपराष्ट्रपति सचिवालय का बयान
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने एक बयान में कहा कि उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की यात्रा से अफ्रीका के साथ भारत के जुड़ाव को गति मिलने और अफ्रीकी महाद्वीप के लिए नई दिल्ली की प्रतिबद्धता पर जोर देने की उम्मीद है। क्योंकि दोनों देश इस वर्ष कूटनीतिक संबंध स्थापना की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस यात्रा से देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू इस कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
उपराष्ट्रपति अपनी कतर यात्रा के दौरान भारत-कतर बिजनेस गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करेंगे। नायडू चार से सात जून तक मध्य पूर्व के इस देश में होंगे। तीन देशों की उनकी यात्रा आज यानी 30 मई से शुरू हो गई है। बता दें कि कतर से पहले उपराष्ट्रपति गेबान और सेनेगल भी जाएंगे।
सऊदी अरब में भारत के राजदूत डा. औसाफ सईद ने शुक्रवार को कहा, 'इस बिजनेस गोलमेज सम्मेलन में शिरकत करने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल में कन्फेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) और फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के प्रतिनिधि शामिल होंगे।'