वेंकैया नायडू ने सांसदों को पत्र लिखकर मांगा समर्थन
छात्र जीवन के दौरान किये सामाजिक कार्यो का जिक्र करते हुए नायडू ने चार दशकों के राजनीतिक जीवन में निभाई अपनी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। उपराष्ट्रपति पद के राजग उम्मीदवार एम. वेंकैया नायडू ने संसद के दोनों सदनों के सदस्यों को खत लिखकर चुनाव में समर्थन की अपील की है। नायडू ने पत्र में अपने बारे में विस्तार से जानकारी दी है। नायडू ने सांसदों से कहा है कि पांच अगस्त को होने वाले चुनाव में अच्छी तरह सोच समझकर मतदान करें।
छात्र जीवन के दौरान किये सामाजिक कार्यो का जिक्र करते हुए नायडू ने चार दशकों के राजनीतिक जीवन में निभाई अपनी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। वे दो बार आंध्र प्रदेश विधानसभा में विधायक चुने गए, जबकि 1998 से लगातार चार बार राज्यसभा का सदस्य रहे। सरकार में अपने कामकाज के अनुभवों के बारे में भी बताया है। उन्होंने ग्रामीण विकास, शहरी विकास, आवास एवं गरीबी उन्मूलन, संसदीय कार्य और सूचना प्रसारण मंत्रालयों का कामकाज संभालने की जानकारी दी है।
उन्होंने योजनाओं के निर्माण से लेकर नीतिगत निर्णय, व्यवस्थागत सुधार और योजना क्रियान्वयन की पूरी प्रक्रिया में राज्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका के बारे में भी विस्तार से बताया है। उन्होंने कहा है कि वह परस्पर सहयोगी संघीय व्यवस्था के सिद्धांत में दृढ़ विश्वास करते हैं। राज्यसभा में लंबे समय तक रहने और काम करने से सदन के कामकाज का पूरा अनुभव है। उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद सभापति के रूप में काम करने में उनका अनुभव काम आएगा।
उन्होंने लिखा है कि विधायी कार्यो में लंबे अनुभव के चलते उन्हें सामान्य जनता और राष्ट्र की भलाई के प्रति राज्यसभा के उत्तरदायित्वों और सदन के सदस्यों के अधिकारों व जिम्मेदारियों की पूरी समझ है।
यह भी पढ़ें: वेंकैया ने अपने नामांकन को लेकर साजिश की बात खारिज की