उत्तराखंड: चंबा में तीन महीने पहले तैयार हो जाएगी 440 मीटर लंबी सुरंग, चार धाम यात्रा अब होगी सुखद
उत्तराखंड में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम को बड़ी सफलता मिली है। जिसके बाद चार धाम यात्रा सुखद होने अनिवार्य है।
देहरादून, एएनआइ। चार धाम की यात्रा जल्द ही सुखद होने वाली है। दरअसल, उत्तराखंड में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम को बड़ी सफलता मिली है। बीआरओ की टीम ने उत्तर और दक्षिण पोर्टल्स से जुड़कर चंबा के नीचे 440 मीटर लंबी सुरंग बनाई है। इससे चार धाम परियोजना को बढ़ावा मिलेगा। इस सफलता पर चीफ Lt.जनरल हरपाल सिंह ने कहा कि ऑस्ट्रियन टेक्नोलॉजी से तैयार की जा रही ये सुरंग अक्टूबर 2020 शेड्युल से तीन महीने पहले पूरी हो जाएगी। उन्होंने आगे बताया है कि सुरंग निर्माण के काम को इसी साल अक्टूबर महीने में पूरा करना है। लेकिन, अब इसे तीन महीने पहले ही सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को ऋषिकेश-धरासू मार्ग पर व्यस्त चंबा शहर के नीचे 440 मीटर लंबी सुरंग बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की सराहना की और इसे महामारी के दौरान राष्ट्र-निर्माण में एक उपलब्धि करार दिया। बीआरओ ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 94 पर ऋषिकेश-धरासू रोड पर चंबा शहर के नीचे 440 मीटर लंबी सुरंग को सफलतापूर्वक खोदा, ये सुरंग चारधाम - गंगोत्री, केदारनाथ, यमुनोत्री और बद्रीनाथ तक सभी मौसम की सुविधा प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि मैं इस वैश्विक महामारी के बीच राष्ट्र निर्माण में अपने असाधारण उपलब्धि के लिए पूरी बीआरओ टीम को बधाई देता हूं। केदारनाथ में आई तबाही के बाद से हम चारधाम के लिए एक ऑल वेदर कनेक्टिविटी के लिए प्रतिबद्ध थे और यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
उन्होंने कहा कि इस सुरंग की सफलता से यातायात की गति को सुगम बनाने, भीड़भाड़ कम करने और चंबा शहर की दूरी कम करने और चारधाम यात्रा पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने और आर्थिक समृद्धि लाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि चंबा सुरंग के निर्माण में नवीनतम ऑस्ट्रियाई प्रौद्योगिकी का उपयोग किया गया सुरंग निर्धारित तिथि से लगभग तीन महीने पहले पूरी होगी।