Weather: मुंबई में थमेगी बारिश, हिमाचल में ऑरेंज Alert, गुजरात के लिए आज का दिन भारी, जाने अपने राज्य का हाल
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश महाराष्ट्र केरल गुजरात और उत्तराखंड के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। मुंबई के लोगों को भारी बारिश की मार से राहत मिल सकती है। मौसम का हाल बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, गुजरात और केरल के तटवर्ती इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में भी भारी बारिश हो सकती है। अंधेरी, भंडरा, गोरेगांव, कुर्ला, मलाड, सांताक्रूज़, विले पार्ले और घाटकोपर समेत मुंबई के कई इलाकों में आज भी गरज चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में मुंबई समेत मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंचा ज्वार आने की चेतावनी जारी की है और लोगों से समुद्र से दूर रहने की अपील की है। बता दें कि मुंबई सहित आधे महाराष्ट्र पर बारिश का कहर रविवार को भी जारी रहा। ठाणे, पालघर, नासिक और पुणो में बाढ़ जैसे हालात बन गए। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ के साथ सेना के तीनों अंगों को मोर्चा संभालना पड़ा है। ठाणे में वायु सेना के एमआइ 17 हेलीकॉप्टर ने 38 लोगों को सुरक्षित निकाला। मुंबई और सतारा में बारिश के चलते पांच लोगों की मौत हुई है।
उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। रविवार की रात से सोमवार की सुबह तक अधिकांश हिस्से में जोरदार बारिश होती रही। इसके चलते चारधाम यात्रा मार्ग भी बार-बार बाधित हो रहे हैं। वहीं, नदियां भी उफान पर हैं। मैदानी क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने दो दिन का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जनपद के स्कूलों में सोमवार को अवकाश रखा गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में रविवार शाम को करीब तीन घंटे भारी बारिश हुई। इस दौरान शिमला में सबसे अधिक 52 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 90 सड़कें बंद पड़ी हैं। मंडी जोन में 44 सड़कें, शिमला में 23, हमीरपुर में 12 और कांगड़ा जोन में 11 सड़कों पर यातायात ठप है। कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में व्यापक बारिश के आसार हैं। वहीं मंगलवार को ऊना, बिलासपुर, मंडी, चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी वर्षा के लिए अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को सराहन में 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
गुजरात के नवसारी में बाढ़ से हालात खराब हैं। यहां एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव के कार्यों में लगी हुई हैं। मध्य प्रदेश भारी बारिश के चलते राज्य की कई नदियां ऊफान पर हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर (Jagdalpur) में तीरथगढ़ वॉटरफाल में जलस्तर बढ़ गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप