अमेरिकी कार्रवाई में वेनेजुएला के सैनिक करने लगे खून की उल्टी, नाक से बहने लगा खून
अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में एक रहस्यमय शक्तिशाली हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे सैनिक खून की उल्टी करने लगे और ...और पढ़ें

वेनेजुएला में अमेरिकी सेना का ऑपरेशन। (फोटो- यूएस आर्मी)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज, नई दिल्ली। अमेरिकी सेना की वेनेजुएला में की गई कार्रवाई के संबंध में सामने आ रही जानकारी बेहद चौंकाने और डराने वाली हैं। न्यूयार्क पोस्ट के अनुसार, निकोलस मादुरो को पकड़ने पहुंची अमेरिका सेना ने एक शक्तिशाली रहस्यमय हथियार का इस्तेमाल किया था, जिससे वेनेजुएला के सैनिक घुटनों पर आ गए। उनकी नाक से खून बहने लगा और खून की उल्टी करने लगे।
इससे पहले भी चीन पर 2020 में लद्दाख में सीमा विवाद के दौरान भारतीय सैनिकों के खिलाफ माइक्रोवेव हथियार का इस्तेमाल करने का आरोप लगा था, हालांकि बीजिंग ने इन दावों का खंडन किया था।
एक साक्षात्कार में, गार्ड ने बताया कि कैसे अमेरिकी सेना ने सैकड़ों लड़ाकों को बिना एक भी सैनिक खोए मार गिराया। उसने ऐसी तकनीक का इस्तेमाल न तो पहले कभी देखा न सुना था।
गार्ड ने कहा, “हम सतर्क थे, अचानक हमारे सभी रडार सिस्टम बंद हो गए। फिर बहुत सारे ड्रोन नजर आने लगे। हमें समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें।” कुछ क्षणों बाद हेलीकाप्टर दिखाई दिया। वे मुश्किल से आठ थे। करीब 20 सैनिक उतरे। वे उन दुश्मनों से बिल्कुल अलग थे, जिनसे हमने पहले कभी लड़ाई लड़ी थी। वह लड़ाई नहीं, बल्कि नरसंहार था।
गार्ड ने कहा, “हम सैकड़ों थे, लेकिन हमें मौका नहीं मिला। वे इतनी सटीकता और गति से गोलियां चला रहे थे कि ऐसा लग रहा था जैसे हर सैनिक एक मिनट में 300 गोलियां दाग रहा हो।” फिर वह हथियार आया जिसे सोचकर सिहर जाते हैं।
उन्होंने कहा, "एक समय ऐसा आया जब उन्होंने कुछ ऐसा छोड़ा, मैं उसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता। वह बहुत तीव्र ध्वनि तरंग थी। अचानक मुझे ऐसा लगा जैसे सिर अंदर से फट रहा हो।" उसका असर भयावह था। सभी की नाक से खून बहने लगा। कुछ खून की उल्टी कर रहे थे। हम जमीन पर गिर पड़े, हिल भी नहीं पा रहे थे। उसके इस्तेमाल के बाद हम खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।”
व्हाइट हाउस के प्रेस मंत्री ने शनिवार को एक्स पर प्रत्यक्षदर्शी का बयान पोस्ट किया। इस सवाल पर व्हाइट हाउस ने तुरंत कोई जवाब नहीं दिया कि क्या कैरोलिन लेविट द्वारा पोस्ट साझा करने से यह संकेत मिलता है कि प्रशासन प्रत्यक्षदर्शी के बयान की सत्यता की पुष्टि कर रहा है।
एक पूर्व अमेरिकी खुफिया सूत्र ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि अमेरिकी सेना के पास डायरेक्टेड एनर्जी वेपंस कई वर्षों से मौजूद हैं, जो माइक्रोवेव या लेजर बीम जैसी केंद्रित ऊर्जा का उपयोग करके लक्ष्यों को निष्क्रिय कर देते हैं। हालांकि, यह पहली बार हो सकता है जब अमेरिका द्वारा इसका इस्तेमाल युद्ध में किया गया हो।
मादुरो का अमेरिकी जेल से बेटे को संदेश, 'हम ठीक हैं, मैं एक योद्धा हूं'
आइएएनएस के अनुसार, वेनेजुएला के सांसद निकोलस मादुरो गुएरा ने कहा कि उनके पिता, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अपने वकीलों के माध्यम से संदेश भेजा है कि वे ठीक हैं। अमेरिका में हिरासत में रहते हुए भी वे दृढ़ संकल्पित हैं। गुएरा ने कहा, "वे मजबूत हैं और हमें दुखी नहीं होना चाहिए।" उन्होंने कहा है, "हम ठीक हैं। मैं एक योद्धा हूं।"
वेनेजुएला में कैदियों की रिहाई जारी
एपी के अनुसार, वेनेजुएला में कैदियों की रिहाई तीसरे दिन भी जारी रही। सरकार ने सद्भावना प्रयासों की घोषणा की है।
डायोजेन्स एंगुलो को शनिवार को एक साल और पांच महीने बाद जेल से रिहा किया गया। एंगुलो को 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से दो दिन पहले उस समय हिरासत में लिया गया था जब उन्होंने दिवंगत राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज के गृह राज्य बारिनास में विपक्षी प्रदर्शन का एक वीडियो पोस्ट किया था।
