फिर भड़के यूपी के मजदूर, पथराव में एसआइ सहित पांच घायल, लुधियाना में पुलिस की फायरिंग
अपने घर पहुंचने के लिए विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूर अब उग्र होने लगे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में रविवार को मजदूरों का गुस्सा खुलकर सामने आया। पढ़ें यह रिपोर्ट...
नई दिल्ली, जेएनएन। अपने घर पहुंचने के लिए विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूर अब उग्र होने लगे हैं। रविवार को मजदूरों का गुस्सा खुलकर सामने आया। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला स्थित सेंधवा से लगी महाराष्ट्र सीमा पर उत्तर प्रदेश के मजदूरों को नहीं आने देने पर लगातार दूसरे दिन हंगामा हुआ। शनिवार रात पांच घंटे चक्काजाम के बाद रविवार दोपहर फिर मजदूर भड़क उठे। उन्होंने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम के बाद पथराव शुरू कर दिया। इसमें मप्र पुलिस के एक एसआइ सहित पांच लोग घायल हो गए। वहीं एएसपी, एसडीएम व सीएमओ सहित ट्रक ड्राइवर व एक अन्य को मामूली चोट आई। अफसरों के वाहन को भी नुकसान हुआ है।
दो हजार मजदूर डटे
बवाल की सूचना पर मौके पर पहुंचे बड़वानी के कलेक्टर अमित तोमर ने मजदूरों को बताया कि उप्र सरकार द्वारा मजदूरों को नहीं लिया जा रहा है। वहां की सरकार से बात हो रही है। इस पर मजदूर मान गए और हाइवे से हट गए। इस दौरान एएसपी सुनीता रावत भी मजदूरों के सामने हाथ जोड़कर समझाते हुए नजर आई। झाबुआ जिले से सटी गुजरात-मप्र सीमा पर भी उप्र के मजदूरों के हंगामे के बाद बड़ी संख्या में मजदूर गुजरात व महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों में वापस भेजा गया है। हालांकि अभी भी करीब दो हजार मजदूर डटे हुए हैं और उप्र सरकार से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
उप्र की सीमा सील, जहां-तहां फंसे लोग
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिहार से लगने वाली अपनी सीमा को सील कर दिया है। ऐसे में सड़क मार्ग से गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश व बाहर के कुछ अन्य जगहों से बिहार के लिए छोटे वाहनों से निकले लोगों को परेशानी हो रही है। उप्र सरकार के इस निर्देश से फंसे कुछ लोगों ने आपदा प्रबंधन विभाग को अपनी परेशानी के बारे में बताया था। आपदा प्रबंधन विभाग ने इस बारे में उप्र के संबंधित अधिकारियों से बात भी की है। वहीं इस बारे में आला अधिकारियों से जब बात की गई तो बताया गया कि सरकार के स्तर पर इस बारे में विधिवत कोई जानकारी नहीं दी गई है। पास के आधार पर आने की व्यवस्था में कोई रोक नहीं होनी चाहिए।
लुधियाना में पुलिस की फायरिंग, हैदराबाद में प्रदर्शन
पंजाब की औद्योगिक नगरी लुधियाना में रह रहे दूसरे प्रदेशों के कामगार राशन नहीं मिलने के कारण रविवार को उग्र हो गए। पहले ये रेलवे लाइन के पास प्रदर्शन कर रहे थे। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो दिल्ली हाईवे जाम कर दिया। वाहनों पर भी पथराव किया। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हवाई फायर कर मजदूरों को खदेड़ा। वहीं हैदराबाद और रामागुंडम में विभिन्न प्रदेशों के लगभग एक हजार मजदूर सड़क पर उतर आए और घर वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटे में देशभर में कोरोना संक्रमण से 83 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2,487 नए मामले मिले हैं। देश में मरने वालों की संख्या 1,306 और संक्रमितों की संख्या 40,263 हो गई है।