केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की हालत स्थिर, लाया जा सकता है दिल्ली, गोवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है इलाज
श्रीपद नाइक सोमवार की रात कार से कर्नाटक से गोवा लौट रहे थे। कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में अंकोला के पास उनकी पलट गई थी जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए थे। हादसे में उनकी पत्नी और निजी सहायक की जान चली गई है।
पणजी, एजेंसियां। केंद्रीय आयुष और रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक की हालत स्थिर बनी हुई है। सोमवार को वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अस्पताल जाकर नाइक की स्थिति की जानकारी ली।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के दोनों हाथ और एक पैर की हड्डियां टूट गई थीं। सोमवार रात ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
सड़क हादसे में उनकी पत्नी और निजी सहायक की चली गई जान
श्रीपद नाइक सोमवार की रात कार से कर्नाटक से गोवा लौट रहे थे। कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में अंकोला के पास उनकी पलट गई थी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए थे। हादसे में उनकी पत्नी और निजी सहायक की जान चली गई है।
उत्तरी गोवा से भाजपा सांसद नाइक को उत्तरी कन्नड़ के सरकारी अस्पताल से सोमवार देर रात गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया था। मेडिकल कॉलेज के डीन की अगुआई में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
स्थित जानने के लिए राजनाथ सिंह पहुंचे गोवा
मंगलवार को राजनाथ सिंह नाइक की स्थित जानने के लिए गोवा पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उनकी हालत के बारे में विस्तार से चर्चा की। सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ने पर नाइक को दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है। सिंह ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया से बात की है और वह गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉक्टरों के साथ नाइक के इलाज में समन्वय करेंगे।
वहीं, गोवा के मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि फिलहाल केंद्रीय मंत्री को दिल्ली ले जाए जाने की जरूरत नहीं है। उनका इलाज ठीक चल रहा है। उन्हें कार्डियन केयर यूनिट (सीसीयू) में शिफ्ट कर दिया गया है।