अब एक क्लिक पर घर पहुंचेगा गंगाजल, केंद्रीय मंत्री ने लांच किया एप
इन्द्रप्रस्थ संजीवनी एनजीओ द्वारा गंगा जल एप बनाया गया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे नि:शुल्क गंगाजल प्राप्त कर पाएंगे।
नई दिल्ली (जागरण संवाददाता)। घर बैठे अब गंगा जल मंगाना आसान हो गया है। इसके लिए एक मोबाइल एप लांच किया गया है। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में यह एप केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने लांच किया। स्वयंसेवी संस्था इंद्रप्रस्थ संजीवनी के इस एप के माध्यम से नि:शुल्क गंगा जल घर तक मंगाया जा सकेगा।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि गंगा 40 करोड़ जनता की प्यास बुझा रही है। ऐसे में सभी भारतवासियों का कर्तव्य बन जाता है कि वे गंगा मैया को स्वच्छ रखने की अपनी भूमिका निभाएं। यह बेहद खुशी की बात है कि इन्द्रप्रस्थ संजीवनी एनजीओ द्वारा गंगा जल एप बनाया गया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे नि:शुल्क गंगाजल प्राप्त कर पाएंगे।
इस मौके पर हरिद्वार से सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि आज डिजिटल इंडिया का प्रताप है कि पहले लोग गंगाजल के लिए गंगा मैया के पवित्र घाट पर चलकर आते थे, लेकिन अब उन्हें बस एक क्लिक पर घर पर गंगाजल उपलब्ध होगा।
इंद्रप्रस्थ संजीवनी के अध्यक्ष संजीव अरोड़ा ने कहा कि बीते तीन वर्षो में नि:शुल्क छह लाख से अधिक गंगाजल की बोतलें दिल्लीवासियों तक पहुंचाते हुए एप की जरूरत सामने आई। अब इसके माध्यम से गंगा जल हर घर में पहुंच सकेगा।