Move to Jagran APP

देश में कोरोना के 50 हजार नए मामले, दिल्ली, केरल, बंगाल में बढ़ी संक्रमितों की संख्‍या, महाराष्‍ट्र में सर्वाधिक मौतें

देश में दिल्ली केरल बंगाल जैसे कुछ राज्यों में तेजी से संक्रमितों की संख्‍या बढ़ने लगी है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक शुक्रवार को 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में संक्रमण से सबसे अधिक मौतें हुई हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Fri, 13 Nov 2020 08:05 PM (IST)Updated: Sat, 14 Nov 2020 12:15 AM (IST)
देश में कोरोना के 50 हजार नए मामले, दिल्ली, केरल, बंगाल में बढ़ी संक्रमितों की संख्‍या, महाराष्‍ट्र में सर्वाधिक मौतें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए व्यापक और उच्च परीक्षण बहुत जरूरी है।

नई दिल्ली, जेएनएन। नई दिल्ली, जेएनएन। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, केरल, बंगाल जैसे कुछ राज्यों में संक्रमण में तेजी से नए मामले बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए, हालांकि सुकून की बात यह रही कि 70 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए और छह सौ कम मौतें हुईं। महाराष्ट्र में हालात काबू में नजर आने लगे हैं। भले ही देश में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हो रही हैं, लेकिन नए मामलों में बड़ी कमी आई है।

loksabha election banner

50,473 नए मामले सामने आए 

समाचार एजेंसी पीटीआइ की तरफ से रात 9.30 बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 50,473 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 87.69 लाख हो गए। वहीं, 70,536 और मरीज ठीक हुए हैं और अब तक कोरोना को मात दे चुके लोगों का आंकड़ा 81.75 लाख हो गया है। इस दौरान 589 और मरीजों की मौत हुई है और इनको मिलाकर अब तक 1,29,113 लोगों की जान जा चुकी है। 

एक दिन में 589 मौतें

बीते 24 घंटे में देशभर में 589 मौतें हुई हैं। इनमें महाराष्ट्र में सबसे अधिक 127, बंगाल में 51, केरल में 26, छत्तीसगढ़ में 18, पंजाब और कर्नाटक में 17-17, तमिलनाडु में 14 और आंध्र प्रदेश में 10 मौतें शामिल हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 87.28 लाख और ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 81.15 लाख हो गया है। अब तक 1.28 लाख लोगों की जान भी जा चुकी है। 

92.97 फीसद हुई रिकवरी रेट 

मरीजों के उबरने की दर 92.97 फीसद और मृत्युदर 1.47 फीसद हो गई है। सक्रिय मामले यानी उपचाराधीन मरीज 4.84 लाख रह गए हैं। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 41 दिनों से लगातार नए मामलों से अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार 12 नवंबर तक कुल 12 करोड़ 31 लाख एक हजार 739 नमूनों की कोरोना की जांच की गई। इनमें से 11 लाख 39 हजार 230 नमूनों का परीक्षण अकेले गुरुवार को किया गया।

दिल्ली में 7,802 नए मामले, 91 की मौत

राष्‍ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 7,802 नए मामले सामने आए जबकि 91 लोगों की मौत हो गई। हालांकि बीते 24 घंटे में 6,498 मरीज ठीक भी हुए। बीते दिनों दिनों में राजधानी में 195 मरीजों की मौत हो चुकी है। यही नहीं संक्रमितों की संख्या भी 44 हजार से अधिक हो गई है। दिल्‍ली में संक्रमण दर बढ़कर 13.80 फीसद हो गई। दिल्ली में अब तक चार लाख 74 हजार 830 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से चार लाख 23 हजार 078 मरीज ठीक भी हुए हैं। 

महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा मौतें

आंकड़ों के मुताबिक देश में अभी तक कुल 1,29,113 लोगों की मौत हुई हैं। इनमें से महाराष्ट्र के 45,809, कर्नाटक के 11,491, तमिलनाडु के 11,454, पश्चिम बंगाल के 7,557, आंध्र प्रदेश के 6,847 , पंजाब के 4,428 और गुजरात के 3,791 लोग हैं।

कोरोना पर नियंत्रण के लिए व्यापक टेस्ट जरूरी : मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने और उसके प्रसार की चेन तोड़ने के लिए व्यापक और उच्च परीक्षण बहुत जरूरी है। मंत्रालय ने कहा कि जनवरी से अब तक 12 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।

केरल में पांच हजार से अधिक नए केस

केरल में संक्रमण की रफ्तार कुछ कम तो हुई है, लेकिन नए मामलों की संख्या अभी भी ज्यादा बनी हुई है। राज्य में 5,804 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 5.14 लाख हो गए हैं। महाराष्ट्र में 4,132, बंगाल में 3,835, कर्नाटक में 2,016, तमिलनाडु में 1,939 और आंध्र प्रदेश में 1,593 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इन राज्यों में अब तक संक्रमित मामलों की संख्या क्रमश: 17.40 लाख, 4.24 लाख, 8.57 लाख, 7.54 लाख और 8.51 लाख हो गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.