जवाहरलाल नेहरू को शरारती तत्वों ने पहनाया टायर
राजस्थान के आजाद पार्क में कुछ शरारती तत्वों ने जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति के गले पर टायर लटका दिया।
बूंदी (एएनआइ)। राजस्थान के बूंदी क्षेत्र में स्थित आजाद पार्क में 21 जून को कुछ शरारती तत्वों ने जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति के गले में टायर लटका दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मूर्ति पर पड़ा टायर हटाया और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच चल रही है। शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि त्रिपुरा में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद बेलोनिया टाउन में कॉलेज स्क्वेयर में स्थित व्लादिमीर लेनिन की मूर्ति तोड़ दी गई थी। इस घटना के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में मूर्ति तोड़े जाने और कालिख पोते जाने समेत कई घटनाएं सामने आने लगी थीं।
लगातार मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने के मामले बढ़ने के बाद केंद्र सरकार एक्शन में आई और देशभर के राज्यों को एडवाइजरी जारी की गई थी। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने त्रिपुरा और तमिलनाडु समेत देश के दूसरे हिस्से में मूर्ति तोड़े जाने की घटनाओं को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर की थी। गृह मंत्रालय ने राज्यों में मूर्ति तोड़ने और अन्य किसी भी प्रकार की हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।