पवन बंसल को दागी नहीं मानती कांग्रेस
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नेताओं को लोकसभा चुनाव में टिकट देने को लेकर असमंजस की स्थिति के बीच कांग्रेस ने घूसखोरी के आरोपों से घिरे पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ से उतारने के संकेत दिए हैं। दरअसल, कांग्रेस बंसल को दागी नहीं मानती। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि बंसल का मामला राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चह्वाण से अलग है। पुणे से सांसद सुरेश कलमाड़ी
नई दिल्ली। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नेताओं को लोकसभा चुनाव में टिकट देने को लेकर असमंजस की स्थिति के बीच कांग्रेस ने घूसखोरी के आरोपों से घिरे पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ से उतारने के संकेत दिए हैं। दरअसल, कांग्रेस बंसल को दागी नहीं मानती। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि बंसल का मामला राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चह्वाण से अलग है। पुणे से सांसद सुरेश कलमाड़ी इस बार चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे।
सुरजेवाला ने कहा कि बंसल को दागी कहना अनुचित है। बंसल के खिलाफ अब तक आरोपपत्र भी दाखिल नहीं किया गया है। भाजपा बेवजह आक्षेप लगा रही है, जबकि वास्तव में बंसल पर कोई आरोप है ही नहीं। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि कांग्रेस ने बंसल को टिकट देने से इन्कार नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति पहले ही बंसल के नाम पर सहमति जता चुकी है, लेकिन विवाद से बचने के लिए पहली सूची में चंडीगढ़ के प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया गया। दूसरी या उसके बाद की सूची में बंसल का नाम घोषित किया जाएगा। मंगलवार को सीबीआइ की विशेष अदालत ने बंसल के भांजे विजय सिंगला और नौ अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराधिक षड्यंत्र के आरोप तय किए हैं। सिंगला को रेलवे में पद दिलाने के लिए 10 करोड़ रुपये की घूस लेने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि कलमाड़ी और चह्वाण अपनी पत्नियों को टिकट दिलाने की कोशिशों में जुटे हैं।
लोकसभा चुनाव से संबंधित समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।