उमा भारती ने दिया केन-बेतवा पर जल्द विवाद सुलझाने का भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विवाद सुझलते ही नदी गठजोड से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरु हो जाएगा।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। केंद्रीय जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्री उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच केन-बेतवा के पानी को लेकर पैदा हुए विवाद को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों ही राज्य इस मुद्दे पर चर्चा के लिए राजी है। आपसी बातचीत के जरिए दोनों ही जल बंटवारे के मसले को हल कर लेंगे।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती गुरूवार को लोकसभा में केन-बेतवा नदी गठजोड़ से जुड़े सवालों का जवाब दे रही थी। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी जल बंटवारे से जुडे इस विवाद की शुरुआत हाल ही में मध्य प्रदेश की ओर से आपत्ति खड़ी करने के बाद शुरु हुआ है। जो एक चौंकाने वाला घटनाक्रम है, क्योंकि केन-बेतवा के पानी के बंटवारे का फैसला वर्ष 2005 में ही हो चुका था। हालांकि उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
जल बंटवारे का विवाद सुलझते ही शुरु होगा प्रोजेक्ट पर काम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विवाद सुझलते ही नदी गठजोड से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरु हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने मांग की है, कि नदी गठजोड़ से जुड़े दोनों चरणों के प्रोजेक्ट का काम एक साथ शुरु किया जाए। जिस पर मंत्रालय विचार करेगा। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट से जुडी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। वन एवं पर्यावरण सहित संबंधित सभी मंत्रालयों की ओर से क्लीयरेंस भी मिल चुकी है।
प्रोजेक्ट से सात हजार परिवार प्रभावित होंगे, लेकिन 70 लाख को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने सवाल के जवाब में कहा कि नदी गठजोड़ प्रोजेक्ट से क्षेत्र के करीब सात हजार परिवार प्रभावित होंगे, लेकिन इससे 70 लाख लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के तहत 78 मेगावाट का एक पॉवर प्रोजेक्ट भी लगाया जाएगा। जिससे मप्र और उप्र के सात जिलों के सैकडों गांव रोशन होंगे।
राहुल गांधी भी बुदेलखंड गए थे, लेकिन समोसा-कचौरी खाकर लौटे आए थे
केंद्रीय मंत्री उमा भारती गुरूवार को प्रश्नकाल के दौरान जब सासंदों के सवालों का जवाब दे रही थी, इस दौरान कांग्रेस के सदस्य वेल में आकर हंगामा कर रहे थे। इससे नाराज उमा भारती ने कहा कि बुंदेलखंड राहुल गांधी भी गए थे, लेकिन वह समोसा-कचौरी खाकर वापस लौट आए थे। वहां के लोगों के लिए कुछ नही किया।
यह भी पढ़ें: तेजस्वी से इस्तीफा मांग रही BJP, राजद का पलटवार- पहले उमा भारती से लो