'पत्नी को पति की तलाश', उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय पर किया निजी हमला
उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर उनकी पत्नी की तलाक अर्जी का जिक्र कर निजी हमला किया। इसके जवाब में ...और पढ़ें

उदयनिधि स्टालिन का सीएम विजय पर निजी हमला। (फोटो- पीटीआई और एएनआई)
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उनकी बातें राजनीति से निजी स्तर पर चली गईं। उन्होंने "चेंगलपट्टू कोर्ट में पति की तलाश कर रही पत्नी की कहानी" का जिक्र किया।
माना जा रहा है कि यह बात विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम की ओर से दिसंबर 2025 में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर की गई उस तलाक की अर्जी की ओर इशारा थी, जिसमें उन्होंने अपनी 27 साल की शादीशुदा जिंदगी को खत्म करने के लिए कानूनी तौर पर अलग होने की मांग की थी।
'पति कर रही पति की तलाश'
स्टालिन ने राजनीतिक से व्यक्तिगत स्तर पर आते हुए कहा, "यह निंदनीय है कि उन्होंने (विजय) यह कहकर किसानों का अपमान किया कि किसान विपक्षी दलों के उकसावे पर विरोध कर रहे हैं। उनका यह बयान कि वह एक छोटी कहानी सुना रहे हैं, पूरी तरह से उनकी गरिमा के खिलाफ है। चेंगलपट्टू कोर्ट में पति की तलाश कर रही पत्नी की कहानी सिर्फ तमिलनाडु ही जानता है। इसलिए, विजय इसे भूल जाइए, कम से कम अभी के लिए।"
चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में यह हाई-प्रोफाइल तलाक का मामला चल रहा है और अगली सुनवाई 7 अगस्त को तय की गई है, क्योंकि दोनों पक्ष कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
विजय ने साधा डीएमके पर निशाना
आज विधानसभा में बोलते हुए अभिनेता से नेता बने विजय ने डीएमके पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पार्टी फंड इकट्ठा करने के नाम पर कथित तौर पर गलत तरीके से इस्तेमाल किए गए जनता के पैसे को वापस लाएगी।
उनकी तीखी टिप्पणियों पर विपक्ष की तरफ से तुरंत और कड़ा विरोध हुआ। उदयनिधि ने 'पॉइंट ऑफ ऑर्डर' उठाते हुए विरोध जताया और कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसी बात तभी कहनी चाहिए जब उनके पास सबूत हों।
अपना भाषण जारी रखते हुए विजय ने कहा कि पिछली डीएमके सरकार के उलट टीवीके कभी भी भ्रष्टाचार में शामिल नहीं होगी और न ही किसी को सरकारी खजाने को "लूटने" देगी।
यह भी पढ़ें: एक्टर की पार्टी, करूर भगदड़ और CAA... सीएम विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में दिया 'रील' से 'रियल' तक का जोरदार भाषण
