जम्मू-कश्मीर: हिमस्खलन के बाद बर्फ में दबी आर्मी पोस्ट, तीन जवान शहीद
जम्मू कश्मीर के बटालिक सेक्टर में हुए हिमस्खलन की चपेट में आकर तीन जवान शहीद हो गए हैं।
श्रीनगर (जेएनएन)। कारगिल में एलओसी के साथ सटे बटालिक सेक्टर में हिमस्खलन के बाद लापता हुए तीन सैन्यकर्मी शहीद हो गए हैं। इस बीच, काकसर सेक्टर में हिमस्खलन की चपेट में आई सैन्य चौकी में फंसे सभी जवानों को बचाव कर्मियों ने निकाल लिया है और उन्हें निकटवर्ती अस्पताल में ले जाया गया है।
बटालिक सेक्टर में गत शाम को हिमस्खलन हुआ था। इसमें एक अग्रिम निगरानी सैन्यचौकी बर्फीले तूफान में दब गइ्र थी। हिमस्खलन के समय चौकी में पांच सैन्य कर्मी मौजूद थे। दो जवानों को गत शाम को निकाल लिया गया था। दो आज सुबह बर्फ के नीचे से निकाले गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया,जहां वह कुछ ही देर बाद चल बसे। तीसरे लापता जवान को जब आज सुबह साढ़े आठ बजे बर्फ के नीचे से निकाला गया तो वह अचेत अवस्था में था। उसे उसी समय अस्पताल पहुंचाया गया,जहां वह डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।तीनों शहीद जवान बिहार के बताए जाते हैं।
काकसर सेक्टर में हुए हिमस्खलन की पुष्टि करते हुए रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि वहां आज सुबह चार बजे के करीब हिमस्खलन हुआ है। लेकिन बचावकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी जवानों को बचा लिया। अलबत्ता,हिमस्खलन की चपेट में आई चौकी में रखा सैन्य साजो सामान जरुर क्षतिग्रस्त हुआ है।
आपको बता दें कि इसी साल जनवरी माह के दौरान भी जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के नजदीक एक सैन्य चौकी और एक गश्ती दल हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे जिस कारण 15 सैनिकों की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: लद्दाख: हिमस्खलन की चपेट में आए सभी पर्यटक सुरक्षित, सेना ने बचायी जान
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान-पाकिस्तान में हिमस्खलन से 100 से अधिक की मौत