युवक की हत्या से भड़के लोगों ने लगाई आग, दो लोग जिंदा जले
रिमारी गांव में एक युवक की हत्या से भड़के लोगों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। इस हादसे में दो लोग जिंदा जलकर मर गए।
सतना, नईदुनिया। प्रतिनिधि जिले के सभापुर थाना के रिमारी गांव में एक युवक की हत्या से भड़के लोगों ने आरोपी के घर में आग लगा दी, इससे दो लोग जिंदा जलकर मर गए। गांव में तनाव की स्थिति निर्मित होती देख 4 थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।
मानेन्द्र मिश्रा पिता भुवनेश्वर मिश्रा की रिमारी गांव में राइस मिल है और यहीं पर उसका घर भी है। राइस मिल के बाजू में कुछ सरकारी जमीन पड़ी हुई थी जिस पर गांव के ही जान मोहम्मद ने कब्जा कर रखा था, उसका यहीं पर घर भी था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे मानेन्द्र ने जान मोहम्मद से कब्जा हटाने को लेकर दबाव डाला तो दोनों में विवाद हो गया। जान मोहम्मद ने मानेन्द्र के सिर पर लाठी दे मारी, इससे वह वहीं गिर गया। जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां दोपहर करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर लगते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और करीब 3 बजे दो दर्जन से अधिक लोगों ने जान मोहम्मद के घर को आग के हवाले कर दिया। इससे घर में मौजूद 15 लोगों में से 2 की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल बुलाया गया। आग बुझाकर सर्चिग की तो दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए हैं। घर में मौजूद बाकी लोगों लापता बताए जा रहे हैं।
स्थिति को नियंत्रण करने चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। आग लगाने वाले दो दर्जन समेत अन्य अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।- अंशुमान यादव, आईजी, सतना