विदेश मंत्रालय के दो कर्मचारी पाए गए पॉजिटिव, संपर्क में आए सभी कर्मचारी हुए सेल्फ क्वारंटाइन
मंत्रालय की विधि शाखा में काम करने वाले एक अधिकारी और मध्य यूरोप संभाग से संबद्ध एक कंसल्टेंट इस सप्ताह के शुरू में संक्रमण की जांच में पॉजिटिव पाए गए।
नई दिल्ली, प्रेट्र। विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में कार्यरत दो कर्मचारी कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके संपर्क में आए सभी कर्मचारियों को 14 दिनों के लिए सेल्फ क्वारंटाइन में भेज दिया गया है।
मंत्रालय की विधि शाखा में काम करने वाले एक अधिकारी और मध्य यूरोप संभाग से संबद्ध एक कंसल्टेंट इस सप्ताह के शुरू में संक्रमण की जांच में पॉजिटिव पाए गए। सरकारी सूत्रों ने कहा कि विदेश मंत्रालय अपने कर्मचारियों या कंसल्टेंट में कोविड-19 पॉजिटिव मामले को लेकर सक्रियता बरत रहा है। मंत्रालय सरकार द्वारा तय हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार काम कर रहा है।
विधि एवं मध्य यूरोप संभाग में सैनिटाइजेशन कराया गया है। मध्य यूरोप संभाग में सभी कर्मचारियों और विधि शाखा में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को अभी सेल्फ क्वारंटाइन में रखा गया है। दो पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद विदेश मंत्रालय ने अपने सभी कर्मचारियों को संक्रमण के बारे में जानकारी देते हुए दो आंतरिक संदेश भेजे हैं। कर्मचारियों से तय प्रोटोकॉल और सतर्कता के उपाय अमल में लाने के लिए कहा है।
कोरोना से प्रभावित देशों में भारत 9वें नंबर पर
बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। भारत फिलहाल कोरोना से प्रभावित देशों में 9वें नंबर पर है। इस बीच देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में देश में रिकॉर्ड 7,964 मामले सामने आए हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा 265 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस के कारण मौत का आंकड़ा अब 5 हजार के पास पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना से अब तक 4971 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कुल 1,73,763 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में फिलहाल 86,422 एक्टिव केस हैं, वहीं 82,370 लोग ठीक हो चुके हैं।