Twitter की सख्ती, छह देशों में बंद किए 10 हजार से ज्यादा फेक न्यूज अकाउंट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर ने छह देशों में 10 हजार से ज्यादा फेक न्यूज अकाउंट बंद कर दिए हैं।इन अकाउंट्स का दुरुपयोग किया जा रहा था।
नई दिल्ली, आइएएनएस। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर ने छह देशों में 10 हजार से ज्यादा फेक न्यूज अकाउंट बंद कर दिए हैं। गलत जानकारियां देने और प्रचार करने के लिए इन अकाउंट्स का दुरुपयोग किया जा रहा था। इनमें सऊद अल खातनी का ट्विटर अकाउंट भी शामिल है। खातनी को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान का विश्वस्त माना जाता है। एक साल पहले वाशिंगटन पोस्ट के पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या में संदिग्ध भूमिका के लिए उन्हें सलाहकार पद से हटा दिया गया था।
यूएई और मिस्र के 273 अकाउंट्स बंद
ट्विटर ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और मिस्त्र के 273 अकाउंट्स के नेटवर्क को बंद कर दिया गया है। ये अकाउंट्स अपने लक्ष्यों और कारगुजारियों के जरिये आपस में जुड़े हुए थे। इनके जरिये कतर और ईरान जैसे देशों को निशाना बनाया जा रहा था। साथ ही इनके जरिये सऊदी सरकार के समर्थन में संदेशों का प्रसार किया जा रहा था। ट्विटर को इस बात के भी साक्ष्य मिले थे कि इन अकाउंट्स को यूएई और मिस्त्र से संचालित हो रही एक निजी टेक्नोलॉजी कंपनी 'डॉटदेव' ने बनाया था और वह ही इन्हें संचालित कर रही थी। ट्विटर ने 'डॉटदेव' और उससे जुड़े सभी अकाउंट्स को स्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
कतर और यमन को निशाना बनाने वाले अकाउंट्स बंद
इनके अलावा कंपनी ने सिर्फ यूएई से संचालित हो रहे 4,248 अकाउंट्स के एक अलग ग्रुप को भी निलंबित कर दिया है, इनका निशाना कतर और यमन थे। इन अकाउंट्स पर अक्सर झूठे व्यक्तियों को नियुक्त किया जाता था और यमन सिविल वार और हाउती आंदोलन जैसे क्षेत्रीय मसलों के बारे में ट्वीट किए जाते थे। जांच में छह अकाउंट के एक छोटे ग्रुप का भी पता चला जो सऊदी अरब के सरकारी मीडिया से जुड़ा था और सऊदी सरकार के पक्ष में संदेशों का प्रसार करता था। यह समूह खुद को स्वतंत्र पत्रकार के रूप में पेश करता था।
चीन और स्पेन के फेक अकाउंट्स बंद
अगस्त में ट्विटर ने चीन में दो लाख से ज्यादा ऐसे फर्जी अकाउंट्स के नेटवर्क की पहचान की थी जो हांगकांग में विरोध प्रदर्शन के बारे में कलह के बीज बोने की कोशिश कर रहे थे। कंपनी ने कहा, 'आज हम 4,301 अकाउंट्स से जुड़े अतिरिक्त डाटासेट्स प्रकाशित कर रहे हैं।' ट्विटर ने स्पेन में भी 265 अकाउंट्स बंद कर दिए जो गलत तरीके से लोगों की भावनाएं भड़का रहे थे। स्पेन में 259 और इक्वाडोर के सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़े 1,019 अकाउंट भी बंद कर दिए गए हैं। मालूम हो कि पिछले साल अक्टूबर में ट्विटर ने रूस से संचालित हो रहे 4,500 अकाउंट्स को बंद कर दिया था।
भारतीय सेना के अफसरों के बनाए गए फर्जी अकांउट्स
गुरुवार को यह खबर सामने आई थी कि पाकिस्तानी एजेंसियों ने भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के फर्जी ट्विटर हैंडल तैयार कर लिए हैं। भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इन फर्जी ट्विटर अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई कर रहीं है। सेना ने गुरुवार को अपने अधिकारियों से सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल करते समय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा है।